बीकानेर | भारतीय किसान संघ के राज्यव्यापी आह्वान पर सोमवार को विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ,बीकानेर इकाई ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। धरने का नेतृत्व कर रहे लाभूराम बिश्नोई ने बताया कि किसानों की 16 बिंदुओं वाला मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को दिया गया। धरने में कोलायत, खाजूवाला, नोखा, लूणकरणसर, बीकानेर, बज्जू, छत्तरगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों के किसान शामिल हुए। किसानों की सभा को जिलाध्यक्ष कैलाश जाजड़ा, भंवर खिखनिया, पुष्पेंद्र सिंह ने संबोधित किया।
शंभू सिंह राठौड़ ने बताया कि मांगों के समर्थन में 22 से 24 मई को तहसील स्तर पर धरने दिए जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। उन्होंने बताया कि मांगों में किसानों को कर्ज मुक्त करने, दूरगामी योजना बनाना और न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे फसल की बिक्री को अपराध घोषित करना सहित अन्य बिंदु शामिल है।