नूंह | कोतलाका गांव में दो दिन पूर्व हुई लड़ाई झगड़े में प्रताड़ित लड़की द्वारा फांसी लगा कर अपनी जान देने का मामला सामने आया है। नूंह पुलिस ने लड़की के भाई की शिकायत पर कोतलाका गांव के आधा दर्जन लोगों को आरोपी बनाया है। शव का पोस्टमार्टम करा कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। मृतक लड़की फरजाना के भाई जाहुल ने नूंह पुलिस को शिकायत दी कि रंजिशन दो दिन पहले आरसतून, कमरबी, शब्बीर, उसकी लड़की, आदिल, अख्तर ने उनसे झगड़ा किया। इस दौरान जाहुल की बहन फरजाना (17) से मारपीट कर उसे प्रताड़ित किया था। इससे निराश होकर फरजाना ने शुक्रवार रात बाथरूम में फांसी लगाकर जान दे दी। जाहुल की शिकायत के बाद पड़ोस में रहने वाले तीन महिलाओं सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मौत के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।