शिक्षा सुधार के लिए शिक्षकों और बच्चों ने निकाली रैली
शिक्षा में सुधार के लिए मंगलवार को स्टार अध्यापकों द्वारा जमालगढ़ से पुन्हाना तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में खण्ड शिक्षा अधिकारी सद्दीक अहमद के नेतृत्व में स्टार शिक्षक और बच्चे शामिल हुए। जिले के सभी खण्डों में पुन्हाना सबसे अधिक पिछड़ा हुआ है। विभाग की ओर से शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए पुन्हाना में 67 स्टार टीचर लगाए गए हैं। सभी अध्यापक पहली से पांचवीं तक के कमजोर बच्चों को अतिरिक्त रूप से पढ़ाएंगे। अभिभावकों व छात्रों को जागरूक करने के लिए मंगलवार को रैली का आयोजन किया गया।
स्कूली बच्चों सहित स्टार अध्यापक ने 10 किलोमीटर की यात्रा पांच गांवों से गुजरी। हर गांव में स्टार अध्यापकों ने ग्रामीणों को रैली का उद्देश्य समझाया। स्कूली विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर व नारे लगाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बेटियों को बचाने के साथ ही पढ़ाने का भी नारा दिया गया। समापन के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सद्दीक अहमद ने कहा कि शिक्षा का नया सत्र शुरू हो चुका है। ऐसे में शत प्रतिशत दाखिला व सभी बच्चों का स्कूल जाना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों द्वारा जागरूकता पदयात्रा निकाली गई है। पदयात्रा को जमालगढ़ स्कूल से शुरू होते हुई कई इलाकों में घूमी।