- Hindi News
- National
- अभियान... प्रस्फुटन समिति व छात्रों ने ग्रामीणों के सहयोग से बनाई 150 मीटर लंबी सड़क
अभियान... प्रस्फुटन समिति व छात्रों ने ग्रामीणों के सहयोग से बनाई 150 मीटर लंबी सड़क
औबेदुल्लागंज| मप्र जन अभियान परिषद विकासखंड में विगत एक सप्ताह से नदी चेतना अभियान चलाया जा रहा है। श्रमदान कार्यक्रम को देख गौहरगंज एसडीएम संजय उपाध्याय ने गोदर नदी पर श्रमदान कार्यक्रम के दूसरे दिन जेसीबी की मदद दिलाई। समिति के सदस्यों ने अपनी ओर से दो ट्रैक्टरों की मदद से नदी का गहरीकरण किया। गहरीकरण कार्य के दौरान 150 मीटर की सड़क बनकर तैयार हो गई है। वहीं नदी का गहरीकरण भी हो रहा है। श्रमदान कार्यक्रम में पहुंची संभाग समन्वयक डॉ. सुनीता गुप्ता ने कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सभी समितियां एवं सीएमसीएलडीपी के छात्र अपने-अपने गांव में नदी-तालाब संरक्षण पर कार्य करें। यह पूरा अभियान विकासखंड समन्वयक निशा पटेल के समन्वय एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष गौतम चौहान, सचिव रूपेश चौहान, सरपंच, समिति के सदस्यों के नेतृत्व में चल रहा है। श्रमदान कार्यक्रम में परामर्शदाता पीएन सोनी, पीके परसाई, गोपाल अहिरवार, जनपद सदस्य, भाजपा मंडल महामंत्री विक्रम यादव, नावांकुर परवेज खान कई समाजसेवी एवं बीएसडब्ल्यू के विद्यार्थी शामिल थे।