जिपं सदस्य ने मसनकी के लोगों की समस्याएं सुनी
ओड़गी| ग्राम पंचायत मसनकी में जिला पंचायत सदस्य विजय प्रताप सिंह ने जिला विकास निधि से स्वीकृत पुलिया निर्माण का भूमि पूजन किया। इस पुलिया के निर्माण में चार लाख 35 हजार की राशि खर्च की जाएगी। इस दौरान श्री सिंह ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। चौपाल में उपस्थित सरपंच एवं ग्रामीणों ने बताया कि रेण नदी का पुल टूटने से लोगों की समस्या बढ़ गई है। इसके कारण 14 गांव के लोग प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत रोड बहुत ही घटिया बन रहे हैं। इसकी गुणवत्ता पर सुधार किया जाना चाहिए। इस दौरान ग्रामीणो ने गांव की अन्य समस्याओं से जिला पंचायत सदस्य को अवगत कराया। श्री सिंह ने समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने ग्राम पंचायत में चल रहे प्रधानमंत्री आवास एवं शौचालय के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि रेण नदी पर पुल निर्माण के लिए मुख्यमंत्री ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण का काम प्रारंभ हो जाएगा।