30 हजार 150 सरकारी नौकरियां दीं : डॉ. पवन सैनी
भाजपा हलका डबवाली के प्रभारी लाडवा के विधायक डॉ. पवन सैनी ने ओढ़ां के पंचायत समिति कार्यालय में हलका के प्रमुख कार्यकर्ताओं, ओढ़ां, डबवाली व गोरीवाला मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक ली, जिसमें जिला व प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी भी शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. पवन सैनी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार कर्म किए जा फल की इच्छा मत कर के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
कार्यकर्ता भी नि:स्वार्थ भाव से कार्य करते हुए लोकहित के कार्यों पर ध्यान दें, क्योंकि 2019 में भी केंद्र व हरियाणा में भाजपा की सरकार बनना सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि आज लोग नौकरी के लिए सिफारिश या रिश्वत की बजाय अपने बच्चों को पढ़ाई करने की सलाह देने लगे हैं, क्योंकि हरियाणा सरकार ने साढ़े तीन साल में 30 हजार 150 सरकारी नौकरियां योग्यता के आधार पर दी हैं और क्लास डी की 38 हजार नौकरियां जल्द ही दी जाएंगी। उन्होंने अपने क्षेत्र में सीएम विंडो की तर्ज पर वर्कर विंडो बना रखी है, जिससे वर्करों से सीधा संवाद होता है। उक्त सुविधाएं डबवाली हलका में भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
इस अवसर पर उनके अलावा भाजपा नेता देवकुमार शर्मा, निगरानी कमेटी चेयरमैन पवन गर्ग, जिला महामंत्री विजय वधवा, मंडल अध्यक्ष सतिंद्र गर्ग, सुनील जिंदल, शामलाल शर्मा, अमीलाल पारीक, सुरेंद्र शर्मा और बूटा सिंह ने भी अपने विचार रखे। इसके पश्चात निगरानी कमेटी चेयरमैन पवन गर्ग के निवास पर पत्रकारों से रूबरू हुए।
ओढ़ां की अनाज मंडी में गेहूं की खरीद का शुभारंभ
ओढ़ां | ओढ़ां की नई अनाज मंडी में गेहूं की खरीद का शुभारंभ हलका प्रभारी लाडवा के विधायक डॉ. पवन सैनी ने किया। गेहूं खरीद का शुभारंभ करते हुए उन्होंने मॉयश्चर मशीन में गेहूं डालकर चैक किया, तो गेहूं में नमी की मात्रा 11.4 पाई गई।
किसान जगसीर सिंह, गुरतेज बैनीवाल, जीत सिंह सरां, हरवंस सिंह व संदीप ने कहा कि मंडी में सफाई का बुरा हाल है, और एक गेट भी बंद रहता है। आढ़तियों ने कहा कि हैफेड की ओर से गेहूं रजिस्टर में दर्ज होने के बाद 72 घंटे में पेमेंट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दस दस दिन तक गेहूं का उठान नहीं होता, जिस कारण मंडी में गेहूं रखने में दिक्कत आती है।
विधायक डॉ. पवन सैनी ने उनकी समस्याएं सुनने के बाद हैफेड के जिला प्रबंधक संदीप पूनियां व मार्केट कमेटी के सचिव मेजर सिंह सिंधू को किसानों व आढ़तियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
ओढ़ां अनाज मंडी में गेहंू खरीद कार्य का अवलोकन करते लाडवा से भाजपा के विधायक डाॅ. पवन सैनी।