अध्यापकों को कब के नियम, उद्देश्य व स्काउटिंग के बारे में अवगत कराया
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओढ़ां में तीन दिवसीय परिचयात्मक (इंट्रोट्रेक्टरी) कोर्स खंड शिक्षा अधिकारी ओढ़ां हरमेल सिंह की देखरेख में शुरू हुआ, जिसमें ओढ़ां और डबवाली ब्लॉक से 70 के लगभग अध्यापक भाग ले रहे हैं। इस कोर्स के तहत अध्यापकों को कब के नियम, माटो, प्रतिज्ञा, सिद्धांत, उद्देश्य और स्काउटिंग के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान उन्हें विभिन्न राज्यों की भाषाओं में निनाद के बारे में भी बताया गया और स्काउट क्लैप सिखाई गई। इस अवसर पर निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ओढ़ां हरमेल सिंह ने अध्यापकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के कैंपों से अध्यापकों में नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने अध्यापकों को यह ट्रेनिंग मेहनत व लगन से ग्रहण करने को प्रेरित करते हुए कहा कि वे प्रशिक्षकों की योग्यता का भरपूर लाभ लें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की कोई समस्या आती है तो मुझे बताएं।
इस अवसर पर एएलटी अजय सिंह भाटी, लखविंद्र सिंह बराड़ और संदीप डाबला ने अध्यापकों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यस्त रखा। स्कूल स्टाफ ने सराहनीय योगदान दिया। डीओसी कब बुलबुल सिरसा मंजूबाला सैनी ने बताया कि हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स/ गाइड्स की ओर से जिले में इन्ट्रोडक्टरी कोर्स बीती 3 मई से चलाया जा रहा है, जिसके तहत सिरसा में हाई सेक्शन ने 4 ब्लॉक सिरसा, चोपटा, ओढ़ां, बड़ागुढ़ा और प्राइमरी सेक्शन में सिरसा चोपटा और बड़ागुढ़ा ब्लॉक का कैंप लगाया गया। वहीं 11 मई को हाई सेक्शन में डबवाली, रानियां, ऐलनाबाद ब्लॉक और प्राइमरी सेक्शन में ऐलनाबाद और रानियां ब्लॉक के कैंप लगाए गए। उन्होंने बताया कि इन कैंपों को लगाने का उद्देश्य देश में फैल रही कुरीतियों को दूर करना है।