प्रमुख मार्ग, चौराहों पर बिखरी निर्माण सामग्री, पैरों में चुभ रहीं
ओंकारेश्वर | नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर प्रसादम योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की सामग्री रास्ते पर बिखरी पड़ी है। दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु के पैरों में यह चुभ रही हैं। उधर प्रभारी सीएमओ के भरोसे चल रही नगर परिषद का इस समस्या की ओर ध्यान नहीं है। प्रदेश शासन ने नगर परिषद में सीएमओ राजा यादव को पदस्थ किया है। लेकिन उन्होंने अब तक यहां चार्ज नहीं लिया है। इस कारण तीर्थनगरी में व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। चंद कर्मचारियों के भरोसे चल रही नगर परिषद की स्थिति बदतर हो गई है। नागरिकों ने विधायक और सांसद से नगर परिषद को सुव्यवस्थित प्रशासन देने और नियमित कर्मचारियों के साथ स्थायी सीएमओ पदस्थ करने की मांग की थी, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। महत्वपूर्ण पर्वों के तहत तीर्थनगरी में आए दिन काफी चहलपहल रहती है। कई वीआईपी भी पहुंचते हैं फिर भी नगर परिषद व्यवस्थाओं की ओर ध्यान नहीं दे रही है।