पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • खातों में नहीं आई राशि, अधूरे पड़े पीएम आवास

खातों में नहीं आई राशि, अधूरे पड़े पीएम आवास

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | ओंकारेश्वर

नगर परिषद ओंकारेश्वर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रकरण स्वीकृत तो कर दिए गए, लेकिन हितग्राहियों के खाते में समय पर राशि जमा नहीं कराई जा रही है। इस कारण कई आवास अधूरे पड़े हैं। परेशान लोग बैंकों के चक्कर लगा रहे हैं। कियोस्क की लचर व्यवस्था के कारण लोगों में आक्रोश है।

नगर परिषद द्वारा पूर्व में 122 प्रकरण स्वीकृत किए गए थे। उनके खाते में दो-दो लाख रुपए जमा कराए गए हैं। लेकिन 50-50 हजार रुपए जमा कराना बाकी है। परिषद द्वारा दूसरे चरण में 129 प्रकरणों को स्वीकृति देने के बाद खाते में 1.50 लाख रुपए जमा कराए गए। इसके बाद एक-एक लाख रुपए की किश्त जमा नहीं होने के कारण मकान अधूरे पड़े हैं। बारिश का मौसम सामने है। ऐसे में लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। ऐसे में कई लोग किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं। नगर परिषद के कर्मचारी शंभू केवट ने बताया लगभग 251 हितग्राहियों के मकानों का सर्वे भोपाल एवं निकाय की टीम द्वारा किया गया है। अधिकांश हितग्राहियों ने योजना के तहत मकान का काम पूरा कर लिया है।

कियोस्क की लचर व्यवस्था पर अफसरों का ध्यान नहीं

ओंकारेश्वर में एसबीआई और बैंक ऑफ इंडिया की शाखा है। बैंकों द्वारा कियोस्क के माध्यम से गरीब हितग्राहियों को सुविधा दी गई है। लेकिन कियोस्क संचालक की मनमानी के कारण लोगों को भटकना पड़ रहा है। समय पर खाता नहीं खुलने, राशि नहीं मिलने की शिकायत कई बार शाखा प्रबंधक से करने के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ है। कियोस्क खाताधारी कमलाबाई, मंजू बाई सहित अन्य उपभोक्ताओं ने कहा नगर में मनोज तिड़के और गोगांवा के जितेंद्र बिरला द्वारा कियोस्क का संचालन किया जा रहा है। जितेंद्र कभी-कभी ही कियोस्क खोलता है। इस कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। बताते हैं कियोस्क संचालकों की मनमानी के कारण कई विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भी नहीं मिल पा रही है।

परेशान लोग लगा रहे बैंकों के चक्कर, कियोस्क की लचर व्यवस्था से आक्रोश

आवास की किश्त नहीं मिलने के कारण हितग्राही परेशान हो रहे हैं।

भोपाल से राशि आते ही खातों में जमा कर देंगे

भोपाल और स्थानीय दल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निरीक्षण किया गया है। भोपाल से निकाय के खाते में राशि आवंटित होते ही हितग्राहियों के खातों में जमा करा दी जाएगी। -संजय गुप्ता, प्रभारी सीएमओ नगर परिषद ओंकारेश्वर

खबरें और भी हैं...