भास्कर संवाददाता | ओंकारेश्वर
नर्मदा सेवा मिशन मां नर्मदा को प्रदूषण मुक्त करने में मील का पत्थर साबित होगा। 12 नवंबर को नामांकन भरते समय संकल्प लिया था कि जब तक होशंगाबाद को प्रदूषण मुक्त नहीं कर दूंगा चप्पल नहीं पहनूंगा। इस कार्य में सफलता लोगों की जागरूकता से ही मिलेगी। इसका प्रयास कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से नौ पार्षद मित्रों के साथ ओंकारेश्वर के गोमुख घाट से नर्मदा परिक्रमा प्रारंभ कर रहा हूं। होशंगाबाद नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल ने शनिवार को गोमुख घाट पर नर्मदा पूजन के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा अगर इच्छा शक्ति दृढ़ हो तो हर काम आसान हो जाता है। परिक्रमा के दौरान भक्तों को यही संदेश देकर नर्मदा को प्रदूषण मुक्त करने का संकल्प दिलाऊंगा। खंडेलवाल ने कहा हर प्रदेशवासी का दायित्व है कि ऐसा कार्य ना करें जिससे मां नर्मदा प्रदूषित हो। सबको मिलकर नर्मदा को फिर निर्मल बनाना होगा।
होशंगाबद नपा अध्यक्ष खंडेलवाल ने ओंकारेश्वर के गोमुख घाट पर पूजन कर परिक्रमा यात्रा प्रारंभ की।
सीवरेज लाइन व ट्रीटमेंट प्लांट बनेगा
खंडेलवाल ने बताया मुख्यमंत्री ने 15 मई को ही 1 करोड़ 56 लाख की लागत से सीवरेज लाइन व ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन किया है। शहर के दूषित पानी को ट्रीटमेंट प्लांट में शुद्ध किया जाएगा। गंदा पानी नर्मदा में नहीं जाने देंगे। नर्मदा के घाट साफ और स्वच्छ रखे जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों व नगर के लोगों को साथ लेकर होशंगाबाद को नंबर वन बनाने का प्रयास करेंगे।