तलेन | इन दिनों गर्मी चरम पर है। भीषण गर्मी के चलते तापमान 44 डिग्री तक पहुंच रहा है। गांव सहित शहरों के जल स्रोत सूख गए हैं।
ऐसे में मूक पशु-पक्षियों के लिए पानी की बेहद समस्या बन रही है। इंसान तो जैसे तैसे पानी की जुगत कर लेता है, लेकिन पक्षी प्यास से मर जाते हैं। ऐसे में हमारे द्वारा पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध कराने का प्रयास उनके जीवन को बचा सकता है।
इसी उद्देश्य को लेकर नगर के महफूज खान मित्र मंडल ने सार्थक पहल करते हुए नगर के 100 से अधिक दुकानदारों को सकाेरे वितरित किए। जिन्हें अपनी दुकान, घर की गैलरी, पेड़, आंगन आदि जगह पर छाया में टांगकर पानी भरने और पास में उनके लिए अनाज रखने की अपील की गई। इस दौरान सदस्यों ने दुकानदारों को करीब 100 सकोर वितरित कर पक्षियों के लिए उसमें दाना पानी डालने की अपील की। नगर के शुजालपुर रोड पचोर नाका से बस स्टैंड, इकलेरा रोड सहित सुपर मार्केट में सकोरे का वितरण किया गया। नगर में पहली बार की गई इस पहल की नागरिकों ने मित्र मंडल के सदस्यों की प्रशंसा की। इस अवसर पर नगर भाजपा अध्यक्ष मोहन यादव, प्रमोद माहेश्वरी, पार्षद अवध उपाध्याय, संस्कार कान्वेंट स्कूल के संचालक देवीसिंह यादव, सहकारी संस्था के अध्यक्ष नारायण सिंह यादव, आनंद डांगरा, मनोज यादव आदि साथ रहे।
विभिन्न दुकानों पर जाकर दुकानदारों को सकोरे वितरित करते मित्र मंडल के सदस्य।