पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • परिजन सोते रहे, चोर दो घरों से 40 तोला सोने के जेवरात और 2.75 लाख रुपए चुरा भाग निकले

परिजन सोते रहे, चोर दो घरों से 40 तोला सोने के जेवरात और 2.75 लाख रुपए चुरा भाग निकले

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी

धांधलास उदा गांव में रविवार रात को चोरों ने दो घरों से करीब 40 तोला सोने के जेवर और 2.75 रुपए चुरा लिए। खास बात यह है कि दोनों ही घरों में परिवार के लोग सो रहे थे। लेकिन किसी को भी इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। सुबह उठे तो सामान बिखरा देखकर सबके होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पादूकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस के अनुसार, धांधलास निवासी शिक्षक छोटाराम पुत्र चंद्राराम जाजड़ा के घर पर परिवार के सदस्य रात को चौक में सो रहे थे। चोर कमरे में घुसे और बक्से व अलमारी के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दस्तावेजों से भरा बैग भी चुरा लिया। दूसरी वारदात करीब 100 मीटर दूर बाबूराम पुत्र छोटूराम कमेड़िया के घर पर हुई। यहां भी घर में ही लोग सो रहे थे। लेकिन चोरों ने कमरों के ताले तोड़े और बक्सों में रखे जेवर और नकदी चुरा ली। यहां से भी चोरों ने दस्तावेज चुराए। दोनों परिवार के लोगों को सुबह ही वारदात की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर पादू कलां थाने के एएसआई पुखराज पारीक मय जाब्ता पहुंचे और मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। छोटाराम जाजड़ा ने 230 ग्राम सोने के जेवर और 1.65 लाख रुपए चोरी होने का मामला थाने में दर्ज करवाया है। बाबूराम कमेड़िया ने साढ़े 19 तोला सोना और एक लाख सात हजार रुपए चोरी होने का मामला दर्ज करवाया है।

वारदात के बाद घर से कुछ दूरी पर फेंक गए दस्तावेज

चोरों ने दोनों घरों से चुराए दस्तावेज कुछ दूरी पर फेंक दिए। गहनों की पुवाई में लगे कपड़े व मखमल आदि भी चोर उतार कर फेंक गए। सुबह लोगों ने घर से कुछ दूरी पर देखा तो दोनों घरों से चुराए दस्तावेज व गहनों पर लगे कपड़े एक स्थान पर मिल गए। इस बारे में थानाधिकारी अनिल देव कल्ला का कहना है कि थाना स्तर पर अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। इनके आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

मेड़ता सिटी. गांव धांधलास में चोरी की वारदात के बाद बिखरा पड़ा सामान।

दहशत | क्षेत्र में लगातार बढ़ रही है चोरियां, पुलिस नहीं कर पा रही है खुलासा, अब आमजन में खौफ

मेड़ता व रियांबड़ी उपखंड क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार चोरियाें की वारदातें बढ़ रही है। लेकिन पुलिस इनका खुलासा करने में कामयाब नहीं हो पा रही है। मेड़ता शहर में भी पिछले कुछ दिनों से लगातार वाहन चोरी की वारदातें बढ़ गई थी। आए दिन वाहन चोरी के मामले सामने आ रहे थे। लेकिन पुलिस हर बार रटा-रटाया जवाब दिया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़कर वारदातों का खुलासा कर देगी। लेकिन पुलिस इनमंे नाकाम साबित हुई है। वहीं अब आस-पास के क्षेत्र में भी चोरी की वारदातें बढ़ने लगी है। जिसके कारण अब क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र ही चोरी की वारदातों का खुलासा किए जाने की मांग की है।

खबरें और भी हैं...