एक्सईएन का तर्क- गांव में चल रही है खुदाई, दो दिन में पहुंच जाएंगे पाइप
ग्रामीण बोले- न ठेकेदार पहुंचा न मजदूर
भास्कर न्यूज | पाई
डीसी के रात्रि ठहराव में 27 अप्रैल को गांव पाई में सीवरेज व्यवस्था का शुभारंभ किया था, उस पर अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जबकि फाइलों में लेबल चेक कर उसकी खुदाई का कार्य चालू है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन पर गुमराह करने का आरोप लगाया है। ग्रामीण पंच धर्मवीर, गुरनाम, महावीर, डीसी, नरेंद्र ढुल, नरेंद्र बल्ली, राजेश, राजेश, सत्यवान आदि ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा 27 अप्रैल को गांव में रात्रि ठहराव किया गया और उपायुक्त सुनीता वर्मा द्वारा सिसमौर रोड पर गांव में कस्सी चलाकर सीवरेज व्यवस्था का शुभारंभ किया था। उस समय हलका विधायक दिनेश कौशिक व अन्य जिला प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा लंबे चौड़े दावे किये गए ओर ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि गांव के विकास के लिये कार्य शुरू हो गया है, परन्तु अभी तक कोई कार्य शुरू नहीं किया गया। इतना ही नही मजदूर या टेंडर लेने वाले ठेकेदार ने भी गांव नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की है कि ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई कर कार्य को जल्दी शुरू किया जाए।
कार्य चल रहा है, पाइप दो दिनों में पहुंच जाएंगे- ईएक्सईएन
इस बारे में ई एक्सईएन वीके गुप्ता ने बताया कि गांव में सीवरेज का लेबल करके खुदाई का कार्य जारी है और सीवरेज पाइप भी दो दिनों में पहुंच जाएंगे।