न खाना दे रहे, न पैसे, तेलंगाना की कंपनी की कैद में हैं तीन मजदूर
पलामू जिले के मनातू प्रखंड के तीन मजदूर तेलंगाना में फंसे हुए हैं। मजदूरों को वहां भरपेट भोजन भी नसीब नहीं हो रहा है। मजदूरों ने सोशल मीडिया में वीडियो वायरल कर झारखंड सरकार से मदद की गुहार लगाई है। वायरल वीडियो में मजदूरों ने अपनी आपबीती सुनाई है। उसमें कहा गया है कि हम सभी तीनों मजदूर तेलंगाना में फंसे हुए हैं। पलामू के मनातू प्रखंड के रहेया निवासी ठेकेदार रामावतार भुइयां तेलंगाना में एक कंपनी में लाकर तीनों मजदूर को छोड़ भाग गया है। कंपनी में मजदूरों को भरपेट भोजन भी नहीं मिल रहा है। कंपनी द्वारा मजदूरों को शोषण किया जा रहा है। मजदूरों के पास पैसा नहीं होने के कारण मजदूर घर नहीं लौट पा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मनातू थाना के रहेया गांव के ठेकेदार रामावतार भुइयां ने तरहसी प्रखंड के धनगांव के पारसनाथ गिरी, मनातू के कुशहा गांव के अजय सिंह व कामेश्वर सिंह को काम दिलाने के नाम पर तेलंगाना के अनाराम गांव में स्थित एक कंपनी में पहुंचाकर भाग गया। मजदूरों ने वायरल वीडियो में यह भी कहा है कि उनके पास एक रुपया भी नहीं है। पैसा की मांग करते हैं तो कंपनी के अधिकारी मजदूरों को डांट फटकार लगाते हैं। तेलंगाना में फंसे तीनों मजदूरों ने झारखंड सरकार समेत अन्य लोगों से मदद की गुहार लगाई है। साथ ही घर पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की है। हालांकि तेलंगाना में फंसे मजदूर के परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच व फंसे मजदूरों को लाने का प्रयास कर रही है। बताया जाता है कि कंपनी तक ले जाने वाले ठेकेदार को एक मजदूर पर प्रतिदिन के हिसाब से 50 रुपए कमीशन मिलता है।
क्या कहना है मनातू थाना प्रभारी संजय कुमार नायक : मनातू थाना प्रभारी संजय कुमार नायक ने बताया कि जानकारी मिला है कि मनातू के तीन मजदूर तेलंगाना में फंसे हैं। यह जांच का विषय है। हालांकि किसी के परिजन द्वारा थाना को कोई सूचना नहीं दिया गया है।
तेलंगना में फंसे मनातू के मजदूर।