सरकार पर अतिक्रमण को ले दोहरी नीति अपनाने का आरोप
यहां से हटाया गया अतिक्रमण।
भास्कर न्यूज | मेदिनीनगर
नागरिक संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष अख्तर जमां ने सरकार और प्रशासन की दाेहरी नीति को लेकर गुरुवार को प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि बाजार से अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीब लोगों के पेट पर लात मारी जा रही है, जबकि बड़े और आर्थिक रूप से संपन्न लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को सरकार अनदेखा कर रही है। उन्होंने बताया कि 4 अप्रैल को सीएम ने पलामू दौरा को देख फुटपाथ और सड़क के किनारे बहुत छोटी पूंजी लगाकर छोटा-मोटा व्यापार करने वाले लोगों की दुकानों को उजाड़ दिया गया। मुख्यमंत्री की नजर झुग्गी झोपड़ियों पर नहीं पड़े इसके लिए प्रशासन ने भी पूरी मेहनत की। इस क्रम में सदर अस्पताल के समीप गरीबों की झुग्गी में बिकने वाली चाय, पान, सत्तु, खैनी, तरबूज आदि बेचकर अपना जीवन गुजार रहे लोगों के दुकानों को हटा दिया गया, लेकिन जिस स्थान पर सदर अस्पताल की जमीन पर बने आईएमए भवन और मटकोरवा की नाजायज बाउंडरी का अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जो सरकार की दोहरी नीति है। नागरिक संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष अख्तर जमां ने कहा कि भाजपा की सरकार संवेदनहीन है। सरकार और प्रशासन के नीति के कारण फुटपाथ पर छोटी-छोटी दुकान लगाने वालों के बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है।