डीसी पहुंचे भंवरदह गांव, कहा-5 तक सूरत बदल जाएगी
प्रखंड मुख्यालय से लगभग 27 किमी दूर सुदूरवर्ती होटाई पंचायत के भंवरदह गांव में पलामू उपायुक्त अमित कुमार ग्राम स्वराज अभियान के तहत लगी ग्रामसभा में उपस्थित हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि अभियान के तहत 5 मई तक शत-प्रतिशत योग्य लाभुकों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पांकी प्रखंड के 2 गांव भंवरदह व केलहवा पंचायत के बोरोदीरी का चयन हुआ है। अभियान पूरा होते ही अत्यंत पिछड़े इस गांव की सूरत काफी बदल जाएगी।
इस दौरान डीसी ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरुक होने की भी अपील की। गांव की मुख्य समस्याएं जैसे पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क पर ग्रामीणों को जानकारी देते हुए डीसी ने बताया कि गांव में कुल 196 शौचालय के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वही भंवरदह गांव के ललू भुइयां व बुधन भुइयां के शौचालय का डीसी स्वयं ले आउट करवा कर कुदाल से गड्ढे भी खोदे। साथ ही 5 मई तक इस गांव में सभी शौचालय के निर्माण कार्य पूरे करने के आदेश भी प्रखंड कर्मियों को दिए।
वहीं गांव की कुछ महिलाओं के बीच प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन भी दिया गया व अन्य ग्रामीणों से हाथों-हाथ आवेदन भी लिया गया। उजाला योजना के तहत गांव में अति शीघ्र कम दर पर एलईडी बल्ब ग्रामीणों के बीच उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। वहीं प्रधानमंत्री की जन धन योजना के तहत पेंशन, आवास, मनरेगा के कार्य, डीबीटी के तहत पैसे का भुगतान की सुविधाएं के बारे में बताया। मौके पर लगे कैंप के माध्यम से ग्रामीणों ने आवेदन जमा किया।
इस दौरान मिशन इंद्रधनुष की जानकारी देते हुए डीसी ने बताया कि इस योजना के तहत इस गांव की किशोरी, गर्भवती महिलाएं, धातृ महिलाएं व नवजात बच्चों के टीकाकरण व सही देखभाल हेतु मौके पर मौजूद एएनएम आंगनबाड़ी सेविका को जरूरी निर्देश दिए गए। वहीं मौके पर मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी इंद्र लाल ओहदार ने ग्रामीणों की समस्याओं पर सदैव तत्पर रहने की बात कही, साथ ही किसी भी समस्या के समाधान हेतु ग्रामीणों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय भंवरदह में उपायुक्त ने मिड-डे मील के निरीक्षण के साथ बच्चों की बौद्धिक क्षमता को परखा।
शौचालय का गड्ढा खोद शुभारंभ करते पलामू उपायुक्त अमीत कुमार।