बेखौफ हो करें मतदान, सुरक्षा पूरी
बैठक करते डीसी अमीत कुमार, एसपी इंद्रजीत महथा व अन्य अधिकारी।
भास्कर न्यूज | मेदिनीनगर
नगर निगम चुनाव की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। 16 अप्रैल को प्रात: 7 बजे से दोपहर 5 बजे तक मतदाता अपने अपने बूथ पर मतदान करेंगे। इसकी जानकारी पलामू डीसी अमीत कुमार ने प्रेसवार्ता कर दी। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता भयमुक्त वातावरण में मतदान केंद्र पहुंचें। उन्होंने कहा कि मतदान के 48 घंटे पूर्व शनिवार को संध्या 5 बजे से आमसभा, नुक्कड़ सभा, जुलूस, ध्वनि विस्तारक यंत्र सहित वाहन के माध्यम से प्रचार कार्य बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष शांतिपूर्ण कराने के लिए मतदान के 48 घंटे पूर्व से लेकर मतदान समाप्ति के अगले दिन प्रात: 7 बजे तक ड्राई दिवस घोषित किया गया है। इस अवधि में पलामू जिला के मेदिनीनगर नगर निगम, छतरपुर नगर पंचायत, हुसैनाबाद, नगर पंचायत व विश्रामपुर नगर पंचायत क्षेत्र के किसी भी होटल रेस्टोरेंट, क्लब, भोजनालय या दुकान में शराब की बिक्री नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं का फोटो पहचान पत्र नहीं बन सका है वह पहचान के रूप में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, स्वतंत्रता सेनानी पहचान पत्र, अनुसूचित/ अनुसूचित जनजाति/ पिछड़ा वर्ग फोटो युक्त प्रमाण पत्र विकलांगता प्रमाण पत्र, शस्त्र लाइसेंस, मनरेगा जॉब कार्ड, फोटो युक्त सम्पति दस्तावेज, पेंशन दस्तावेज, स्वास्थ्य बीमा योजना कार्ड, राज्य/ केन्द्र सरकार कार्यालय। सार्वजनिक क्षेत्र के उपकर्म, लिमिटेड कंपनी द्वारा जाति प्रमाण पत्र और मान्यता प्राप्त शैक्षणिक प्रमाण पत्र दस्तावेज मान्य होंगे।
अभी तक आचार संहिता के 15 मामले दर्ज : एसपी : एसपी इंद्रजीत महथा ने कहा कि बूथों पर सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए आर्म्स बल, लाठी, बल व महिला पुलिस कर्मी के अलावे सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक आचार संहिता के कुल 15 मामले दर्ज किए गए हैं।