छतरपुर | पलामू जिले के सभी माइंस व क्रशर व्यवसायी सुरक्षा मुहैया कराने को लेकर 22 मई को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे। यह निर्णय पलामू माइंस व क्रशर व्यवसायी एसोसिएशन की आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष रविशंकर सिंह ने की। एसोसिएशन द्वारा डीसी पलामू को ज्ञापन सौंप कर इस निर्णय से अवगत करा दिया गया है। ज्ञापन में कहा है कि वर्तमान में खान पट्टेधारी व क्रशर संचालक का आपराधिक प्रवृति के लोगो द्वारा आर्थिक भयादोहन किया जा रहा है। इसके लिये तरह तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, जिससे व्यवसायी भयभीत व असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जबकि पत्थर व्यवसाय से सरकार को पूरे जिले से करीब एक करोड़ रुपये खनन राजस्व, आयकर व वाणिज्य कर के रूप में प्राप्त होता है। साथ ही जिले में 15 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। मौके पर उदय कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, उमाकांत जायसवाल, नितिन गुप्ता, रामाशीष सिंह, दिलू सिंह, नंदन सिंह, गणेश यादव, राजेश कुमार, पुष्कर सिंह बंटी सिंह चंद्रभूषण आदि व्यवसायी मौजूद थे।