मेदिनीनगर | बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के द्वारा रविवार को स्थानीय कचहरी परिषद के ताईदशेड में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के अध्यक्ष उदय राम ने की। बैठक में चतुर्थवर्गीय कर्मचारियों की नियुक्ति हेतु दूसरे चरण की काउंसलिंग कराने की मांग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन की समीक्षा की गई। उदय राम ने बताया कि काउंसलिंग नहीं होने के कारण बेरोजगारों में आक्रोश व्याप्त है जबकि अभी भी 267 पद रिक्त हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री प्रतिदिन बेरोजगारों को रोजगार देने की योजना बना रहे हैं परंतु दूसरी ओर सूखा प्रभावित पलामू में पद रहते हुए भी नियुक्ति नहीं हो पा रही है । बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दूसरे चरण की काउंसलिंग कराने की मांग को लेकर बेरोजगारों का एक प्रतिनिधिमंडल 22 मई को उपायुक्त से मिलकर एक मांग पत्र सौंपेगा। मौके पर प्रद्युमन तिवारी, संजय कुमार सिंह, गुलाब राम, राम प्रवेश राम रामराज राम, श्याम पाठक, धर्मदेव राम, रामनरेश महतो सहित कई लोग उपस्थित थे।