21 से शुरू होगा सीएम जनसंवाद को लेकर जागरूकता अभियान
मेदिनीनगर | जिले के चार प्रखंडों पांकी, हैदरनगर, चैनपुर व विश्रामपुर में मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र जन जागरूकता का अभियान चलाएगा। मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र का पलामू जिले में चार दिवसीय जागरुकता अभियान कार्यक्रम 21 मई से शुरू होगा। कार्यक्रम 21 मई से लेकर 24 मई तक जन जागरूकता का अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत पांकी में तथा समापन कार्यक्रम विश्रामपुर में आयोजित होगा। इसकी जानकारी डीपीआरओ डीएन भादुड़ी ने दी है। उन्होंने कहा कि पांकी में यह कार्यक्रम पूर्वी पंचायत स्थित बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित होगा। जबकि जन जागरूकता अभियान का यह कार्यक्रम 22 मई को हैदरनगर के बभंडी पंचायत भवन, 23 मई को चैनपुर के नावाडीह पंचायत भवन तथा 24 मई को विश्रामपुर के लालगढ़ पंचायत भवन में आयोजित किया जाएगा। जिला समन्वयक ने बताया कि अभियान के माध्यम से लोगो को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी देने के साथ ही लोगों को जनसंवाद के कार्यकलापों तथा उसकी महत्ता के बारे बताया जाएगा। उन्हें इस बात की जानकारी दी जाएगी कि वे मुखर होकर अपनी समस्याओं को मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में बात रखें।