जल, जंगल और जमीन से लोगों को बेदखल कर रही है भाजपा सरकार
लातेहार में सभा को संबोधित करते त्रिपुरा के सांसद जितेन चौधरी।
आदिवासी अधिकार मंच की सभा में त्रिपुरा के माकपा सांसद ने कहा
भास्कर न्यूज | लातेहार
केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार सभी कानून को ताक पर रखकर आदिवासी, गरीब, दलितों को उजाड़कर बेघर करने का काम कर रही है, जिसे आदिवासी अधिकार मंच कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। ये बातें माकपा के त्रिपुरा लोकसभा सांसद जितेन चौधरी ने मंगलवार को लातेहार कचहरी परिसर में मंच की सभा में कही। उन्होंने कहा कि पलामू व्याघ्र परियोजना से 191 गांव के ग्रामीण विस्थापित होंगे। गरीबों की जिंदगी बचाने की जिम्मेवारी सरकार की होती है, परंतु यह सरकार परियोजना क्षेत्र को कोल क्षेत्र में तब्दील करने पर आमादा है, जिससे हजारों परिवार विस्थापित होंगे। सदियों से जो लोग जल, जंगल व जमीन की सुरक्षा कर रहे हैं, उन्हें भगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामसभा को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। जिसका नतीजा है कि मनिका जुंगूर के ग्राम प्रधान पंकज कुजूर की हत्या के तीन माह बाद भी हत्यारे बेखौफ घूम रहे हैं, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंच के महासचिव प्रफुल्ल लिंडा ने की, जबकि संचालन अयूब खान ने किया।