कहा कि प्रशासन की मिलीभगत से खनन पट्टा का लीज दिया गया
भास्कर न्यूज | छतरपुर
भलही माइंस बंद कराने को लेकर नौडीहा बाजार प्रखंड के राजद अध्यक्ष मोहन विश्वकर्मा के नेतृत्व में भलही के ग्रामीणों के साथ राजद ने अनुमंडल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया। मौके पर मोहन विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि राजद के एक बड़े नेता ने एसडीओ, सीओ व पुलिस वाले को करोड़ों रुपए देकर खनन पट्टा का लीज करवाया है।
इसमें क्षेत्रीय विधायक और स्थानीय मुखिया तक की मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत सभी माइंस की लीज अवैध है। इन्हें हर हाल में बंद करवा कर ही रहेंगे। भलही के बालगोविंद उरांव, गणेश उरांव, शैलेन्द्र उरांव, नवकेश उरांव, मीलो देवी, झकसिया देवी, गेंदा देवी आदि दर्जनों ग्रामीण ने बताया कि हम सब जबरन माइंस बंद करा कर बीते दो माह से अनुमंडल से जिला तक के अधिकारियों को फोन लगा रहे हैं, पर कोई नहीं सुन रहा है। फिर भी हम माइंस बंद करवा कर ही रहेंगे। माइंस होने से गांव में पीने का पानी नहीं है। खेती और चारागाह चौपट हो गया। लोगों का कहना था कि मोहन विश्वकर्मा उनलोगों के नेता हैं, वे जो कहेंगे वही होगा। वहीं खान उपनिदेशक सुनील प्रदीप कुजूर ने एसपी पलामू को पत्र प्रेषित कर कहा है अंजनी कुमार एक वैध खनन पट्टेधारी हैं।
जो हर वर्ष करोड़ों रुपये खनिज स्वामित्व, आयकर व डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट के रूप में भुगतान करते आ रहे हैं। विभाग के निर्देशानुसार खनन कार्य में आवश्यक सुधार लाने की कार्रवाई किये जाने के दौरान गांववाले द्वारा बेवजह बाधा उत्पन्न करने के साथ कानून अपने हाथ में लेने का प्रयास किया गया है। ऐसी स्थिति में राजस्व हित में यथासंभव सुरक्षा मुहैया कराई जाए। जिससे निर्बाध रूप से पट्टा क्षेत्र का सीमांकन व खनन कार्य किया जा सके।