मुख्यमंत्री बोले-पलामू और गढ़वा के 147 गांवों को मिलेगी सिंचाई सुविधा
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में पलामू जिले की मलय जलाशय योजना और गढ़वा जिले की अन्नराज जलाशय योजना की सिंचाई क्षमता फिर से बहाल करने व नहर प्रणाली के पुनरुद्धार व लाइनिंग कार्य का आॅनलाइन शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि हर खेत में पानी पहुंचे और किसानों की आय दोगुनी हो, इसके लिए राज्य सरकार प्रयास कर रही है। गांव, गरीब और किसान का समग्र विकास ही सरकार का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मलय जलाशय योजना से पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड के 27 गांव, मेदिनीनगर प्रखंड के 42 गांव और लेस्लीगंज प्रखंड के 36 गांवों को फायदा होगा। 63 हजार अनुसूचित जाति एवं जनजाति की आबादी सहित 1 लाख 55 हजार लोगों को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा। अन्नराज जलाशय योजना के पुनरुद्धार से गढ़वा जिले के 42 गांवों के 4632 हैक्टेयर भूमि में सिंचाई उपलब्ध कराई जाएगी। लामू और गढ़वा जिले के साथ-साथ पूरे राज्य में सिंचाई योजनाओं का विकास करना सरकार की प्राथमिकता है।