रामलीला प्रतियोगिता में डंगनिया की मंडली अव्वल
पलारी। विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने ग्राम ससहा में आयोजित सात दिवसीय श्रीरामलीला कला प्रतियोगिता के विजेता मंडलियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में प्रथम आने वाली आदर्श रामलीला मंडली ग्राम डंगनिया (बेमेतरा) को 11,111 रुपए नकद, प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य विजेता मंडलियों को भी पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में प्रतिभागी मंडलियों के कलाकारों ने अलग-अलग दिन भगवान श्रीराम के चरित्र और अन्य पात्रों का जीवंत अभिनय प्रस्तुत किया।
विस अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र हम सबके लिए अनुकरणीय है। उन्होंने राजा होकर प्रजा के कल्याण के बारे में सोचा। भगवान राम ने माता शबरी के जूठे बेर खाए तथा केवट ने उन्हें नदी पार कराई। श्रीराम को जन्म देने वाली माता कौशल्या की धरती है, इसलिए राज्य में सुख-शांति और समृद्धि है। इस अवसर पर सरपंच मिथलेश मुकेश साहू, आयोजक लीला मंडली समिति के अध्यक्ष मुकेश साहू, संरक्षक नीलकंठ साहू, यादव समाज युवा विंग के राष्ट्रीय महामंत्री माधव यादव, पप्पू साहू व ग्रामीण उपस्थित थे।