पलारी| भीषण गर्मी के चलते लोगों का दोपहर में घर से निकलना दूभर हो गया है। दिनचर्या में फेरबदल से तबियत खराब हो रही है। शरीर में पानी की कमी, खान-पान में लापरवाही से लोग बीमार पड़ रहे हैं। इसके कारण अस्पताल में सामान्य दिनों में ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या 70 से बढ़कर दोगुनी हो गई है।
सप्ताहभर में सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी-दस्त के हजार से ज्यादा मरीज इलाज कराने पहुंचे थे। इसका कारण गर्मी में उमस से अनिद्रा और खान-पान में लापरवाही है। ओपीडी में 12 मई को 97 मरीज, 13को 100,14 को 184,15 को 150, 16 को 185, 17 को 191,18 को 195 मरीज पहुंचे थे। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क है।
पलारी. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपने बारी का इंतजार करते हुए मरीज।
धूप से बचने व खान-पान पर ध्यान देने की सलाह
बीएमओ डॉ. एफआर निराला ने बताया कि गर्मी के समय लोगों को सेहत का विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। थोड़ी से भी लापरवाही हुई तो बीमार पड़ने संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। अभी अस्पताल में सामान्य रूप से सर्दी, खांसी, बुखार, दर्द, उल्टी व चक्कर के मरीज आ रहे हैं, जिनका उपचार कर दवाई और धूप से बचने के साथ-साथ खान-पान का ख्याल रखने की हिदायत दी जा रही है।