पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • रेत माफिया की भेंट चढ़ीं सवा तीन करोड़ रुपए की सड़कें, 2 साल में ही आ गईं दरारें

रेत माफिया की भेंट चढ़ीं सवा तीन करोड़ रुपए की सड़कें, 2 साल में ही आ गईं दरारें

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ब्लॉक के महानदी से लगे दूरस्थ ग्राम में बने चार पहुंच मार्ग दो साल के अंदर ही रेत माफिया की भेंट चढ़ गए। सहज और सुलभ तरीके से गांव पहुंचने के लिए गांव-गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क बनाकर शासन ने गांव के लोगों को विकास से जोड़ने का जो सपना देख, वह दो साल में ही चकनाचूर हो गया। बताया जाता है कि 2 साल पहले 3 करोड़ 34 लाख रुपए खर्च कर करीब 4 गांव की करीब 8 किमी सड़क बनाई थी।

इस संबंध में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के अफसर कमल शर्मा ने बताया कि चार सड़कें भवानीपुर से रिवाडीह, मलपुरी, भरुवाडीह से बिजराडीह और जुनवानी से देवगांव दो साल पहले और कुछ सड़क तो डेढ़ साल पहले बनी थी। ये सब महानदी से निकलने वाली ओवरलोड हाईवा रेत गाड़ियों के कारण टूटकर जर्जर हो गई हैं। 9 टन क्षमता वाली सड़कों पर 15 से 20 टन की गाड़ी चलने से सड़कों का ऐसा हाल हुआ है। सभी सड़क को उखाड़कर नया बनाने के लिए कलेक्टर को प्रस्ताव भेजा गया है।

लोगों को खुशी हुई कि उनके पिछड़े गांव में अब सड़क बन गई है। लेकिन इसके पीछे लोगों ने स्थानीय जनप्रतिनिधि से लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार लगाई और सड़क बनाने की अर्जी दी थी। पर उनकी खुशी ज्यादा दिन नहीं टिकी और देखते ही देखते उनकी आंखों के सामने ही उनका सपना चूर-चूर हो गया। दो साल में ही सड़क पर रेत माफिया के ओवरलोड रेत हाईवा ने सड़क टूट गई।

सड़क बचाने लगातार रेत गाड़ियों को बंद करने की मांग की जाती रही : जब गांव की सड़क बनी और उस पर ओवरलोड रेत गाड़ियां चलने लगीं तो ग्रामीणों ने इसका जोरदार विरोध किया कि सड़क जर्जर हो जाएगी। कई बार गाड़ियां रोकी गईं, विवाद भी हुआ। लोगों ने रात-रातभर चक्काजाम कर गाड़ियों को रोका पर नौकरशाह, खनिज माफिया और दलालों के सामने ग्रामीण हार गए। ग्राम रिवाडीह के बुजुर्ग ओंकारेश्वर वर्मा, युवा कुलदीप, खपरी के तुलाराम ढीढी, लक्की वर्मा, नरोत्तम टंडन, शिवा साहू, गेंद साहू, प्रेमलाल यादो, गोवर्धन वर्मा, मुकेश लाला, गुड्डू पटेल, राजकुमार सोनवानी आदि ने नई सड़क बनने के बाद सड़क सुरक्षा के लिए वाहन पर रोक लगाने की मांग करते रहे। कई बार सैकड़ों गाड़ियों को रोककर माइनिंग के हवाले किया। पुलिस से भी शिकायत की मगर पुलिस लाचार और बेबस बनी बैठी रही।

पलारी. भवानीपुर से रिवाड़ीह पहुंच मार्ग बीचोंबीच दो टुकड़े में टूट गई।

इन गांवों को जोड़ने के लिए बनाई गई थी सड़क

ब्लॉक के ग्राम भवानीपुर से रिवाडीह करीब 5 किमी की सीसी रोड एक करोड़ 34 लाख में दो साल पहले बनाई गई थी। इसकी वारंटी तो पांच साल की थी, लेकिन ओवरलोड रेत गाड़ी ने उसे इस कदर तोड़ दिया कि विभाग ने उसे जर्जर सड़क घोषित कर दिया है। इसी तरह मलपुरी पहुंच मार्ग करीब एक किमी एक करोड़ से अधिक की लागत से बनी। जुनवानी से देवगांव और भरुवाडीह से बिजराडीह पहुंच मार्ग एक साल पहले ही बना था। ये तीनों डामर सड़क महानदी के रेत घाट मलपुरी, बिजराडीह, बोदा मोहन, चरौदा, बम्हनी मोहन के घाटों से लगातार 24 घंटे मशीनों में लोड कर हाईवा में 18 से 25 टन वजन लेकर गुजरने से 9 टन की सभी चारों सड़क समय से पहले ही टूट गईं।

खबरें और भी हैं...