- Hindi News
- National
- 50 मिलियन डॉलर के कारोबार को सौ गुणा बढ़ाया, पाली के राजेश सोमानी को मिला एशिया पेसिफिक एंटरप्रेन्योरशिप अवार्ड
50 मिलियन डॉलर के कारोबार को सौ गुणा बढ़ाया, पाली के राजेश सोमानी को मिला एशिया पेसिफिक एंटरप्रेन्योरशिप अवार्ड
एशिया पेसिफिक क्षेत्र में बिजनेस सेक्टर का प्रतिष्ठित एशिया पेसिफिक एंटरप्रेन्योरशिप अवार्ड इस बार पाली के युवा उद्यमी राजेश सोमानी को मिला है। दुबई में स्विस सिंगापुर ओवरसीज एंटरप्राइजेज के एमडी व सीईओ राजेश को देश-दुनिया के चुनींदा 22 उद्यमियों के बीच यह अवार्ड बिजनेस नेतृत्व और विशिष्ट उद्यमशीलता के लिए दिया गया है। उन्होंने बिड़ला समूह के इस संस्थान के 50 मिलियन डॉलर के कारोबार को 24 सालों में 100 गुणा से भी अधिक बढ़ाया है। राजेश ने भास्कर को बताया अवार्ड मिलने पर कुमार मंगलम बिड़ला ने दायित्वों की सफलता के लिए बधाई दी।
भास्कर खास
दुबई में बिड़ला समूह के संस्थान स्विस सिंगापुर ओवरसीज एंटरप्राइजेज में एमडी-सीईओ हैं पाली के राजेश सोमानी
13 अप्रैल को नई दिल्ली में विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ कार्यक्रम
उद्यमशीलता को आगे बढ़ाने के लिए मिलता है यह अवार्ड
एशिया पेसिफिक क्षेत्र में उद्यमशीलता को पूरे जोश और जुनून के साथ आगे बढ़ाने वाले उद्यमियों को यह पुरस्कार दिया जाता है। प्रमुख औद्योगिक घरानों व सरकारी नेतृत्व के समर्थन से बने एक पैनल द्वारा इस अवार्ड के लिए उद्यमियों का चयन होता है। वर्ष 2007 में एक एनजीओ के माध्यम से इसकी शुरुआत मलेशिया के पूर्व मानव संसाधन मंत्री डॉ. फोंग चेन ऑन की अध्यक्षता में हुआ। इस बार यह आयोजन 13 अप्रैल को नई दिल्ली में विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
बिजनेस व तकनीक के साथ से मिलती है सफलता : राजेश
अजय पीरामल, शेखर बजाज, साकेत जिंदल, सुमनज्योति खेतान, अमिषा वोरा सहित दिग्गज बिजनेस शख्सियतों के साथ यह अवार्ड मिलने के बाद राजेश ने भास्कर को बताया कि व्यवसाय के गुर तो बचपन में पाली से ही विरासत में मिले थे। आज के दौर में सफलता के लिए बिजनेस व तकनीक को साथ लेकर चलना जरूरी है। अब मंडी, मार्केट एजेंट के बजाय बड़े सपने, उन्हें साकार करने की वचनबद्धता और उत्साह जरूरी है। बिजनेस अपडेट, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, ज्ञान ग्रहण क्षमता व आत्मविश्वास के साथ सफलता हासिल की जा सकती है।
हॉवर्ड में 70 देशों के 175 विद्यार्थियों के बीच रहा या दुबई में रहते हुए भी पाली के बांगड़ कॉलेज में स्नातक पढ़ाई की क्लासेज, यहां के कवि सम्मेलन व दोस्तों के साथ गोठ के आयोजन आज भी मुझे रोमांचित करते हैं। नई ऊर्जा के लिए साल में एक बार पाली में परिवारजनों और दोस्तों के बीच ताजगी महसूस करता हूं।
इसलिए मिला है राजेश को यह अवार्ड
बांगड़ कॉलेज से बीकॉम, दिल्ली से सीए, सीएस और अमेरिका के हॉवर्ड बिजनेस स्कूल से एडवांस मैनेजमेंट सहित कई डिग्रियां ले चुके राजेश को यह सम्मान अपने बिजनेस नेतृत्व में स्विच सिंगापुर ओवरसीज एंटरप्राइजेज के गंधक, कोयला, खाद, लोह अयस्क, सेम व दालों के व्यापार को 35 मिलियन टन तक पहुंचाते हुए वैश्विक छाप छोड़ने के लिए दिया है। सकारात्मक बैलेंसशीट, निरंतर व्यवसायिक वृद्धि और व्यापारिक कौशल में वचनबद्धता को भी ध्यान में रखा गया है।