- Hindi News
- National
- एक घंटे पाली में रुके गृहमंत्री कटारिया, स्थानीय नेताओं को भनक तक नहीं लगी
एक घंटे पाली में रुके गृहमंत्री कटारिया, स्थानीय नेताओं को भनक तक नहीं लगी
गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया रविवार दोपहर पाली आए और यहां पणिहारी होटल में करीब एक घंटे से ज्यादा समय रुके। यहां उन्होंनें उदयपुर से साथ आए अपने परिचितों के साथ बैठकर लंच किया और काफी देर तक गपशप की। हैरत की बात तो यह रही कि गृहमंत्री कटारिया के दौरे की स्थानीय नेताओं को भनक तक नहीं लगी, जिसके चलते एक भी नेता कटारिया से मिलने नहीं आया। पणिहारी होटल में सीओ सिटी सुभाष शर्मा, सदर थाना प्रभारी सवाईसिंह राठौड़ व पणिहारी होटल मैनेजर हनुमानसिंह ने उनकी अगवानी की।
कमरे में बैठकर फाइलें निपटाई, लंच कर निकले : पाली में प्रवास के दौरान गृहमंत्री के निजी स्टाफ के अलावा गृह मंत्रालय के अफसरों की टीम भी उनके साथ थी। पणिहारी होटल के कमरे में बैठ कर गृहमंत्री ने जरूरी फाइलें निपटाई और उसके बाद सभी लोगों के साथ बैठकर लंच किया। इसके बाद वे उदयपुर के लिए रवाना हो गए।
बेगुनाहों को नहीं फंसाया जाएगा: कटारिया
गृहमंत्री कटारिया ने भास्कर से बातचीत करते हुए कहा कि 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान उपद्रव मचाने वाले लोगों की पुलिस की ओर से वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराई गई। उपद्रव के दौरान तोड़फोड़ व अन्य तरह के अपराध करने वाले लोगों के साक्ष्य पुलिस के पास सीडी में मौजूद है, जिनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कुछ लोग भीड़ में एक्शन करते भी दिखे हैं, लेकिन अपराध करने के साक्ष्य नहीं है। ऐसे बेगुनाह को नहीं फंसाया जाएगा।