लाखों रुपए लेकर युवती की 8 बार शादी कराने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार
गाजियाबाद की युवती को अपने झांसे में लेकर लोगों से लाखों रुपए वसूल कर उसकी फर्जी तरीके से शादी कराने वाले गिरोह के सरगना गुल्लाराम उर्फ गिरधारी सीरवी निवासी इंद्रवाड़ा, सोमेसर को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने गिरोह के साथ मिलकर इस युवती की पांच-पांच लाख रुपए लेकर आठ बार शादी कराई और 9वीं शादी कराने से पहले ही पीड़िता पुलिस तक पहुंच गई।
गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में सरगना से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए टीम एमपी भेजी गई है। सदर थाना प्रभारी सवाईसिंह राठौड़ ने बताया कि गुड़ा नारकान में रहने वाला मूलाराम पुत्र तुलसाराम सीरवी टेवाली में जोगाराम कुमावत के यहां पर मजदूरी करता है। उसकी शादी नहीं होने के कारण वह परेशान था। इस दौरान इंद्रवाड़ा में रहने वाले गुल्लाराम उर्फ गिरधारी पुत्र दीपाराम सीरवी ने उससे संपर्क कर मध्यप्रदेश में अपने साले की बेटी रेखा का फोटो बताते हुए शादी का प्रस्ताव रखा। बदले में 5 लाख रुपए की मांग की। शादी मध्यप्रदेश में ही जाकर कराने का दावा भी किया। इस पर तुलसाराम ने एडवांस में 2 लाख पहले दे दिए। 18 नवंबर 2017 को मध्यप्रदेश के खरगौन में राकेश गुजराती नाम के वकील व नोटेरी पब्लिक के यहां पर शपथ पत्र के आधार पर शादी करवा दी। शादी में दुल्हन का नाम रेखा सीरवी लिखा गया। उसका फर्जी आधार कार्ड भी तैयार कराया। शेष 3 लाख में से भी 2 लाख रुपए शादी के बाद दे दिए। 1 लाख नहीं देने पर वहां मौजूद आरोपी गुल्लाराम समेत गैंग में शामिल आशा राठौड़, दिलीप राठौड़, शीतल तथा राहुल कुमार के अड़ जाने पर अपने बड़े बेटे बुधाराम को पुणे में मोबाइल करके हाथों-हाथ उनके बैंक खाते में जमा करवाए।
मुख्य सरगना गुल्लाराम सीरवी
9वीं जगह शादी कराने से पहले पीड़िता ने खोला मुंह
गिरोह में शामिल आरोपी फर्जी शादी रचाने वाली दुल्हन को 9वीं जगह बेचने की तैयारी में थे। इससे पहले ही जागरूक लोगों की मदद से यह मामला पुलिस तक पहुंच गया है। गाजियाबाद (यूपी) में पति के ठुकराने के बाद 3 बच्चों की मां रेखा चौहान मध्यप्रदेश के खरगौन जिले की फर्जी शादियों के बहाने लाखों रुपए लूटने वाली इस गैंग के चंगुल में ऐसी फंस गई कि उसे 2 साल में ही 8 युवकों से शादी के नाम पर बेच दिया गया। 8 में से 7 शादियां पाली जिले के ही सीरवी परिवारों में कराकर गैंग ने प्रत्येक परिवार से 5-5 लाख से अधिक रुपए वसूल लिए, लेकिन हर बार वह भाग गई। 9वीं बार भी उसकी शादी जिले में ही कराने के लिए सीरवी युवक को फांस लिया था, मगर युवती के फरार होने से पहले जागरूक लोगों ने उसे रोक लिया। इसके बाद पीड़िता ने सिलसिलेवार पूरे मामले का खुलासा किया है। उसका कहना है कि अब वह कहीं नहीं जाना चाहती। अब आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष पुलिस दल का गठन किया जा रहा है।