शिक्षक गोपाराम के परिजनों काे विशेष आर्थिक सहायता दिलवाने की मांग
पाली | गत दिनों हादसे का शिकार हुए शिक्षक गोपाराम पटेल के परिवार को आर्थिक सहायता दिलवाने की मांग को लेकर मंगलवार को भांवरी, जब्बरगढ़ की ढाणी व पटेल समाज के लोगाें ने कलेक्टर सुधीर कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जब्बरगढ़ की ढाणी में पोषाहार बनाते समय गैस सिलेंडर के रिसाव के बाद लगे आग में एक महिला को बचाने के लिए कार्यरत शिक्षक पटेल ने अपनी जान की परवाह किए ही आग में कूद गए। महिला को बचाते समय वे गंभीर रूप से जल गए। इसके बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
शिक्षक पटेल ने बड़ा हादसा रोकने और विद्यालय में मौजूद सैकड़ों बच्चों व स्कूल स्टाफ की जान बचाने का काम किया। उन्होंने कलेक्टर शर्मा को ज्ञापन सौंपकर शिक्षक पटेल को बहादुरी के लिए उचित सम्मान दिलवाने व परिजनों का आर्थिक सहायता दिलवाने की मांग की। इस मौके पर अमराराम पटेल, रमेश पटेल, तिलोकराम चौधरी, थानाराम लौहार, मानाराम, जेठाराम पटेल समेत गांव के कई लोग मौजूद थे।
इधर, आसपास के विद्यालयों के शिक्षकों ने 15 हजार रुपए की राशि एकत्रित कर परिजनों काे सौंपी
शिक्षक गोपाराम पटेल की आग में झुलसने के बाद हुई मौत के बाद आसपास गांव के सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों ने 15 हजार की राशि एकत्रित की है। विद्यालय प्रवक्ता बलवंतसिंह चंपावत ने बताया कि प्रधानाचार्य मानाराम परिहार के निर्देशन में कीरवा, सांगवा, कल्याणपुरा व वीर दुर्गादास नगर के स्टाफ साथियों द्वारा 15 हजार रुपए की राशि व उनकी सहायता के लिए डरी प्रधानाचार्य को भेंट किए।