भगवान परशुराम सर्किल का लोकार्पण, विप्र बंधुओं ने निकाली वाहन रैली
भगवान परशुराम के जन्मोत्सव समारोह के तहत चल रहे चार दिवसीय महोत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को पणिहारी तिराहे पर भगवान परशुराम सर्किल का लोकार्पण किया गया। इसके बाद वाहन रैली निकाली गई। समारोह का शुभारंभ केंद्रीय विधि राज्यमंत्री पीपी चौधरी, उपमुख्य सचेतक मदन राठौड़, जयपुर सांसद रामचरण बोहरा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दवे, भाजपा जिलाध्यक्ष करणसिंह नेतरा, विधायक ज्ञानचंद पारख, यूआईटी चेयरमैन संजय ओझा, नगर परिषद चेयरमैन महेंद्र बोहरा व सांसद प्रतिनिधि राकेश भाटी के आतिथ्य में भगवान परशुराम के फरसे व प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण दवे ने विप्र बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ब्राह्मण का इतिहास हजारों साल पुराना है। इसने पुरातन काल से ही देश को मार्ग दिखाने का कार्य किया है। उपमुख्य सचेतक मदन राठौड़ ने विप्र बंधुओं को एकजुट होने का संदेश देते हुए कहा कि समाज एकजुट होगा तो समाज का विकास होगा। विधायक ज्ञानचंद पारख ने कहा कि भगवान परशुराम ने पापियों का नाश कर हिंदू संस्कृति को ताकतवर बनाया। कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष नेतरा व यूआईटी चेयरमैन ओझा ने सर्किल का उद्घाटन किया। इसके बाद वाहन रैली रवाना की गई। इस मौके पर संयोजक मुरली मनोहर बोड़ा, सह संयोजक मनीष ओझा, मीडिया प्रभारी पवन पांडेय, संकीर्तन प्रभारी परमेश्वर शर्मा, कनिष्क शर्मा, निखिल व्यास, शोभायात्रा प्रभारी जयशंकर त्रिवेदी, राजेश बोहरा, हीरालाल व्यास, गौरी शंकर शर्मा, रामअवतार शर्मा, नरेश बोहरा सहित कई विप्रबंधु मौजूद रहे।
परशुराम के जयकारे के साथ निकली वाहन रैली : परशुरा सर्किल के उद्घाटन के बाद विप्र समाज की ओर से सर्किल से वाहन रैली निकाली गई। डीजे की धुन के साथ रवाना हुई वाहन रैली व्यास सर्किल, विवेकानंद सर्किल, राणा प्रताप चौक, सर्राफा बाजार, सोमनाथ मंदिर, भैरुघाट, पानी दरवाजा, सिंधी कॉलोनी, रामदेव रोड, खेताराम प्याऊ, खेतेश्वर सर्किल, सुभाष सर्किल, गांधी मूर्ति होते हुए सूरजपोल आकर संपन्न हुई। इस दौरान समाज के 600 से अधिक युवाओं ने फरसा धारण कर भगवान परशुराम के जयकारे लगाते हुए माहौल परशुराम मय कर दिया। कई जगह शहरवासियों ने वाहन रैली का पुष्प व इत्र वर्षा से स्वागत किया। वाहन रैली के सूरजपोल पहुंचने आतिशबाजी की गई।
परशुराम सर्किल व महादेव मंदिर पर लगेगी सोलर लाइटें
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय विधि राज्यमंत्री चौधरी ने साली गांव स्थित महादेव मंदिर व परशुराम सर्किल पर 5 लाख की लागत से 30 सोलर लाइट लगाने की घोषणा की।
पाली. परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर शहर में वाहन रैली निकालते विप्र बंधु।
पणिहारी चौराहे पर परशुराम सर्किल का लाेकार्पण करते अतिथि।
पणिहारी चौराहे पर परशुराम सर्किल का लाेकार्पण करते अतिथि।
सुबह 8.30 बजे रघुनाथ मंदिर से रवाना होगी शोभायात्रा
विप्र समाज की ओर से बुधवार को भगवान परशुराम जयंती महोत्सव को लेकर शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर विप्रबंधु रघुनाथ मंदिर एकत्रित होंगे, जहां भगवान परशुराम की विशेष आरती कर गाजे बाजे के साथ सुबह 8.30 बजे शोभायात्रा रवाना होगी। जो पानी दरवाजा, बादशाह का झंडा, सर्राफा बाजार, बाईसी बाजार, सोमनाथ मंदिर, भैरुघाट होते हुए वापस पुष्करणा समाज भवन आकर संपन्न होगी।