- Hindi News
- National
- निर्माण समिति की बैठक में फाइलें रोकने और नई निविदा को लेकर नगर परिषद आयुक्त और एक्सईएन में तकरार, समझाइश कर अलग किया
निर्माण समिति की बैठक में फाइलें रोकने और नई निविदा को लेकर नगर परिषद आयुक्त और एक्सईएन में तकरार, समझाइश कर अलग किया
नगर परिषद में शुक्रवार को हुई निर्माण समिति की बैठक में शहर के विकास कार्यों के कार्य आदेश जारी कराने की बात पर नगर परिषद आयुक्त इंद्र सिंह राठौड़ और एक्सईएन केपी व्यास आमने-सामने हो गए। करीब 10 मिनट तक दोनों के बहस होती रही। आखिर में मौजूद पार्षदों व पदाधिकारियों ने मामला शांत करवाया। जानकारी के अनुसार नगर परिषद में पिछले कई दिनों से शहर में विकास कार्यों को लेकर जारी होने वाले कार्य आदेश की फाइलें रुकी हुई है। इसको लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और एक-दूसरे पर आरोप लगाने के साथ ही कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने लगे। हालांकि बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने मामला शांत करवाया। इस अवसर पर रामकिशोर साबू, मेहबूब टी और जितेंद्र व्यास समेत कई पार्षद मौजूद थे।
बैठक में 75 आवासीय व व्यवसायिक भवनों की दी स्वीकृति : भवन अनुज्ञा व निर्माण समिति के अध्यक्ष सुरेश चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 75 भवनों के निर्माण की स्वीकृति दी गई। चौधरी ने बताया कि समिति के पदाधिकारियों की ओर से सर्वसम्मति से आवासीय व व्यवसायिक भवनों की अनुमति दी। इसके साथ ही शहर के विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा की गई।
आयुक्त की ज्वाॅइनिंग से ही दोनों में विवाद, तकनीकी अधिकारियों को नोटिस देने के मामले भी अनबन
नगर परिषद आयुक्त इंद्र सिंह राठौड़ और एक्सईएन केपी व्यास में शुरू से ही विवाद चल रहा है। आयुक्त की ज्वाइनिंग के बाद से ही दोनों में किसी न किसी बात को लेकर अनबन चलती रही है। इतना ही नहीं तकनीकी अधिकारियों को नोटिस देने के मामले में भी दोनों के बीच काफी लंबे समय से विवाद रहा था।
कोई खास बात नहीं है
ऐसा कुछ भी नहीं था। बैठकों में वैसे भी छोटी-मोटी बातों को लेकर विवाद चलता रहता है। कोई खास बात नहीं है। इंद्र सिंह राठौड़, आयुक्त, नगर परिषद, पाली