फोरलेन पर खोखरा गांव के पास पानी के टैंकर में घुसी कार, 5 गंभीर घायल
सोजत के खोखरा ग्राम पुलिया के नीचे ब्यावर से पाली की आेर जा रही एक लग्जरी कार हाईवे के बीच स्थित डिवाईडर पर लगे पौधों को पानी पिला रहे एक टैंकर के पीछे से अनियंत्रित होकर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया आेर उसमें बैठे पांच जने गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एम्बुलेंस 108 की सहायता से राजकीय चिकित्सालय लाया गया, जिसमें 4 की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेन्टर पर रैफर कर दिया हैं। टैंकर को जब्त कर थाने में लाया गया।
बुरी तरह फंस गया कार चालक, लोगों की मदद से निकाला बाहर : पुलिस ने बताया कि खोखरा ग्राम के पास शुक्रवार सायं करीब 5 बजे पानी का टैंकर हाईवे के बीच बने डिवाईडर पर लगे पौधों को पानी पीला रहा था, इस दौरान ब्यावर से पाली की आेर आ रही एक लग्जरी कार तेज गति से अंनियंत्रित होती हुई टैंकर के पीछे आ घुसी। जिससे कार में सवार राजेन्द्रसिंह पुत्र नन्दभंवर राजपूत दातरी अजमेर, किशन गुर्जर पुत्र श्रीराम गुर्जर विजयनगर अजमेर, विक्रमसिंह पुत्र घीसूसिंह राठौड़, शंभूराम व भंवरसिंह पुत्र लक्ष्मणसिंह राजपूत गंभीर घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए आेर पुलिस आेर एंबुलेंस 108 को इतला देने पर वह तुरंत घटना स्थल पर पहुंची आेर घायलों को बाहर निकाल कर सोजत अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान कार को चला रहा ड्राइवर स्टेयरिंग व सीट के बीच बुरी तरह फंस गया, जिसे लोगों की सहायता से तत्काल बाहर लाया गया। इनमें से किशन गुर्जर व शंभूराम की स्थिति ज्यादा गंभीर थी वहीं अन्य घायलों को भी मुंह आेर सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें भी रैफर कर दिया। घटना स्थल पर एनएचआई की टीम भी मौके पर पहुंची आेर क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से एक तरफ करवाया।
सोजत. हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।