- Hindi News
- National
- सोनाणा खेतलाजी ट्रस्ट के विवाद में अब कथित जादू टोना, चार आरोपी गिरफ्तार
सोनाणा खेतलाजी ट्रस्ट के विवाद में अब कथित जादू-टोना, चार आरोपी गिरफ्तार
देसूरी के निकट श्री सोनाणा खेतलाजी मंदिर के ट्रस्ट काे लेकर चल रहा विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक ट्रस्ट के दोनों गुटों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे हैं तो मुकदमेबाजी भी हो चुकी है। इधर, अब ट्रस्ट के एक सदस्य पर कथित तौर पर जादू-टोना करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार आना गांव स्थित सोनाणा खेतलाजी मंदिर के ट्रस्ट को लेकर दो गुट अपने-अपने दावे कर रहे हैं। एक गुट के अध्यक्ष जयेंद्रसिंह गलथनी है, जबकि दूसरे गुट के गणपतसिंह बालराई। शनिवार रात गलथनी गुट के ट्रस्ट सदस्य करणसिंह चाणौद पर कथित रूप से जादू टोटका करने के लिए कुछ लोग सुमेरपुर स्थित उनके मकान तक पहुंच गए। पुलिस ने जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया, उनमें बालराई गुट का ट्रस्ट सदस्य खरताराम सीरवी निवासी सोनाणा भी शामिल है।
नाम के फेर में सामने वाले मकान पर फेंका टोटका : सुमेरपुर थाना प्रभारी सुमेरसिंह राठौड़ ने बताया कि शनिवार रात सूचना मिली कि गाड़ी में आए कुछ लोग सुमेरपुर में महावीर कॉलोनी इलाके में करणसिंह राजपुरोहित निवासी सोकड़ा के मकान पर कथित जादू-टोटके की सामग्री फेंक कर भागे, जिसमें नींबू, कुमकुम, लोहे की कीलें व अन्य सामान था। घर के बाहर बैठी महिलाओं ने आरोपियों की हरकत देख परिजनों को सूचना देकर बुलाया। बाद में कथित जादू-टोना की सामग्री जला दी।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि करणसिंह सोकड़ा के मकान के सामने ही करणसिंह चाणौद का मकान है, लेकिन सोकड़ा ने अपने मकान के बाहर नेम प्लेट लगा रखी थी। इससे आरोपियों ने चाणोद के बजाय सोकड़ा के मकान पर सामग्री फेंक दी।
आदिवासी इलाके का कथित तांत्रिक भी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सोनाणा निवासी खरताराम सीरवी पुत्र भैराराम, आना निवासी कार चालक रमेश मेघवाल पुत्र मानाराम के साथ कथित तांत्रिक बाबूलाल उर्फ भावना पुत्र दुलाराम गरासिया निवासी बसंतगढ़, पिंडवाड़ा तथा धनाराम गरासिया पुत्र पूराराम निवासी सुलाव, जिला उदयपुर को गिरफ्तार किया है।
यह है विवाद | सोनाणा खेतलाजी ट्रस्ट को लेकर दो गुटों में चल रहा है विवाद, एक गुट के अध्यक्ष जयेंद्रसिंह गलथनी है, जबकि दूसरे गुट के अध्यक्ष गणपतसिंह बालराई।