सूक्ष्म सीसीटीवी वाले हेलमेट में दिखेगी पुलिस
पाली| प्रदेश की पुलिस को हाईटेक बनाने के क्षेत्र में नए प्रयोग किए जा रहे हैं। अब कहीं भी लड़ाई-झगड़ा या उपद्रव होने पर अगर सशस्त्र बल आ गया तो हुड़दंग-पथराव करने वाले पुलिस की नजर से बच नहीं पाएंगे। पुलिस मुख्यालय की ओर से शीघ्र ही हर जिले को सूक्ष्म सीसीटीवी कैमरे वाले हेलमेट दिलवाए जा रहे हैं, जिसे पहनकर ड्यूटी में तैनात जवान या अधिकारी पूरे घटनाक्रम कैद कर लेगा। शांति बहाली के बाद पुलिस फुटेज के आधार पर आसानी से आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पाएगी। विदेशों की तर्ज पर राज्य सरकार पुलिस को अपग्रेड करते हुए उन्हें अत्याधुनिक संसाधान दिलवा रही है।
थाना भवनों की दशा सुधारने व हर काम ऑनलाइन होने के बाद अब पुलिस को और मजबूत बनाया जा रहा है। इससे पूर्व संभाग मुख्यालय पर ड्रॉ व सभी थानों में कैमरे दिलवाए गए थे। हर जिले में अभय कमांड सेंटर बनाया गया है, जो कि सीधे संभाग मुख्यालय से कनेक्टेड होंगे। साथ ही संभाग जयपुर मुख्यालय से कनेक्टेड होंगे।
पहचान में रहेगी आसानी
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि किसी भी स्थान पर बलवा या हुड़दंग होने पर भीड़ बेकाबू हो जाती है। लाठीचार्ज या पथराव के बीच कई जने घायल होते हैं। आक्रोशित भीड़ पुलिस व दूसरे पक्ष पर पथराव या हमला करती है। ऐसी स्थिति में बेकाबू हालत को नियंत्रण करने वाले सशस्त्र जवान कैमरायुक्त हेलमेट पहनेंगे तो पूरा घटनाक्रम व आरोपी कैद हो जाएंगे। ऐसी स्थिति में पुलिस आसानी से हमलावरों की पहचान कर सकेगी।