पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • शनि मंदिरों में तेलाभिषेक के लिए देर रात तक कतारें, महिला मंडल सदस्यों ने लाखोटिया में की सरोवर आरती

शनि मंदिरों में तेलाभिषेक के लिए देर रात तक कतारें, महिला मंडल सदस्यों ने लाखोटिया में की सरोवर आरती

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर में मंगलवार को शनि जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इसे लेकर सुबह से ही शनि मंदिरों में शनिभक्तों की भीड़ रही। मंदिरों में पूरे दिन तेलाभिषेक कर भगवान शनि को रिझाया गया। साथ ही कई धार्मिक अनुष्ठान कर परिवार में सुख शांति व खुशहाली की कामना की। खेतावास स्थित शनिधाम में शनि जयंती को लेकर मंगला आरती के साथ धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई। सुबह से ही मंदिर में दर्शनों के लिए भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। इस दौरान मंदिर परिसर में स्थापित भगवान शनि की प्रस्तर प्रतिमा पर तेल व काले तिल का विशेष अभिषेक किया गया, वहीं दोपहर में विशेष हवन व कई अनुष्ठान भी किए गए। साथ ही मंदिर में पहुंचे सभी दर्शनार्थियों में प्रसादी वितरण की गई। जयंती पर्व को लेकर मंदिर को पुष्पों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया।

भजन संध्या में कलाकारों ने गाई शनिदेव की महिमा

शहर के राणा प्रताप चौक स्थित शनिदेव मंदिर में शनि जयंती काे लेकर शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया। मंदिर पुजारी गोपाल कृष्ण जोशी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर शनिभक्तों द्वारा दोपहर 2 बजे से देर शाम तक शनिदेव को तेलाभिषेक किया गया। इसके बाद शाम 7 बजे महाआरती के बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसमें स्थानीय कलाकारों ने एक से बढ़ कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसी तरह पानी दरवाजा वैंकटेश मार्ग स्थित शनिचर की बगीची में दोपहर 1 बजे फूल मंडली का आयोजन किया गया। इसके बाद शनिदेव की विशेष आरती कर भक्तों में प्रसादी का वितरण किया गया। प्यारा चौक स्थित विश्वकर्मा मंदिर में भी शनि जयंती को लेकर लाभार्थी परिवार हीरालाल, रामलाल, अमृतलाल जांगिड़ सुपुत्र स्वर्गीय मोतीलाल जांगिड़ कुलरिया परिवार द्वारा भगवान शनि की विशेष आरती की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष घीसुलाल लीकड़, शेषाराम पाखरवड, डॉ बंशीलाल शर्मा, गोरधनलाल, हरिराम जोपालिया, चंपालाल जोपालिया, प्रवीण रालड़िया, गणेश किंजा, ओमप्रकाश लुंजा सहित कई भक्त मौजूद रहे।

महिलाओं ने 108 दीपों से की सरोवर आरती

लाखोटिया महिला मंडल की ओर से लाखोटिया उद्यान में अमावस्या को लेकर मंगलवार को सरोवर आरती का आयोजन किया गया। मंडल प्रवक्ता भाग्यवंती गहलोत ने बताया कि 108 दीपों से सरोवर आरती की गई। इस मौके पर कमला सोलंकी, विजया शर्मा, गीता पंवार, मीनू भाटी, होनी भाटी, रामी परिहार, प्रेम प्रजापत सहित कई महिलाएं मौजूद रही।

खबरें और भी हैं...