रोहट. माडपुरिया में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर मेंे मौजूद महिलाएं व बच्चे।
भास्कर न्यूज | सांडेराव
सिंदरू गांव के अटल सेवा केंद्र में न्याय आपके द्वार राजस्व शिविर एसडीएम विनोदकुमार मल्होत्रा व सरपंच हुल्लासकंवर राणावत के सान्निध्य में हुआ। शिविर में शुद्धिकरण 121, विभाजन 10, नामातंकरण 170, पासबुक 10, पत्थरगड़ी 15, आरक्षित रास्ते का 1 मामला, खातेदारी 1, नकलें 302, पासबुक 18 तथा सीमाकरण के एक मामला का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर ब्लाॅक शिक्षा अधिकारी परबतसिंह राठौड़, भू-अभि.निरीक्षक मूलसिंह देवड़ा, विकास अधिकारी कंवरलाल सोनी, तहसीलदार इस्माइल खां गौरी, पटवारी शंकरलाल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष करणसिंह नेतरा, शैतानसिंह राणावत आदि मौजूद थे।
35 वर्षों बाद खंगाराराम को मिला न्याय : राजस्व शिविर के दौरान सिंदरू निवासी खंगाराराम पुत्र दलाराम मीणा को 35 वर्ष बाद शुक्रवार को न्याय मिला। वर्ष 1983 में उसे भूमि आवंटन हुई तथा नामांतकरण भी हो गया था। लेकिन उस वक्त सेटलमेंट का कार्य चल रहा था। सेटलमेंट के बाद तैयार रिकाॅर्ड में नामकरण का अमल नहीं होने से खंगाराराम को आज दिन तक भटकना पड़ा। शुक्रवार को उपखंड अधिकारी विनोदकुमार मल्होत्रा ने सीधे ही खातेदारी के अधिकार के आदेश जारी कर दिए। 35 वर्षों के बाद 70 वर्ष की उम्र में न्याय पाकर खंगाराराम की आंखें भर आई तथा उसने राजस्व विभाग का आभार जताया।
माडपुरिया में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन : रोहट. निकटवर्ती माडपुरिया गांव में शनिवार को आंगनवाड़ी केंद्र में माननीय जिला विधि सेवा प्राधिकरण पाली के तत्वावधान में विधिक चेतना टीम द्वारा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान पीएलवी मांगीलाल तंवर ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, बाल श्रम अधिनियम 1986, किशोर न्याय अधिनियम 2000 आदि के बारे में उपयोगी जानकारी दी। पीएलवी अशोकचंद ने महिलाओं के अधिकार व बाल विवाह के संबंध में जानकारी के लिए पैम्पलेट भी वितरित किए। शिविर के दौरान मौजूद महिलाओं ने संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर करते हुए बाल विवाह प्रतिषेध की शपथ ली। इस अवसर पर आशा सहयोगिनी छोटादेवी, कार्यकर्ता कमला देवी आदि मौजूद थे।
खांडी में राजस्व लोक अदालत में 777 प्रकरणों का निस्तारण : रोहट. खांडी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर शुक्रवार को एसडीएम अजय की अध्यक्षता में न्याय आपके द्वार के तहत राजस्व लोक अदालत का आयोजन किया गया। राजस्व लोक अदालत में तहसील कार्यालय से संबंधी नामांतरण के 327, खाता दुरस्तीकरण के 40, खाता विभाजन के 11, सीमांकन के 2, सीमाज्ञान के आवेदन 2, राजस्व नकलें 280, अन्य 115 सहित कुल 777 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। ग्राम पंचायत द्वारा जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र सहित 7 पट्टे वितरित किए गए। इस अवसर पर बीडीओ भुवनेश्वरसिंह चौहान, तहसीलदार ताराचंद प्रजापत, सरपंच खांडी मोहिनी देवी, स्वरूपसिंह राणावत, समाजसेवी ओमाराम पटेल, ग्राम विकास अधिकारी लालाराम प्रजापत आदि मौजूद थे।
रोहट. खांडी में राजस्व लोक अदालत शिविर के दौरान पट्टे वितरित करते हुए।