- Hindi News
- National
- कलेक्ट्रेट चौराहे पर रेस्टोरेंट संचालकाें व नगर परिषद कर्मियों में मारपीट, माहौल गर्माया
कलेक्ट्रेट चौराहे पर रेस्टोरेंट संचालकाें व नगर परिषद कर्मियों में मारपीट, माहौल गर्माया
शहर के कलेक्ट्रेट चौराहे पर मंगलवार दोपहर जोधाणा रेस्टोरेंट पर नगरपरिषद कर्मचारियों व रेस्टोरेंट में काम करने वाले आमने-सामने हो गए। दोनों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई। जिससे 4 परिषदकर्मी समेत 6 लोग घायल हो गए। घटना से माहौल गर्मा गया। बाद में पुलिस एवं आरएसी के जवानों ने पहुंचकर शांति की। देर रात तक मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। इस मामले में दोनों पक्षाें ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। रेस्टोरेंट संचालकों का आराेप है कि कुछ लोगों ने बिना रुपए दिए ही मिठाई ले जाने का प्रयास किया। रोकने पर इन लोगों ने तोड़फोड़ करते हुए मारपीट शुरू कर दी। दूसरी तरफ नगरपरिषद का आरोप है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक थैलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कार्रवाई के दौरान उन पर हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 3 दिन पहले ही खुले रेस्टोरेंट के संचालकाें व नगरपरिषद से पहुंचे कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद वे मारपीट पर उतारू हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे से सड़क पर आकर मारपीट की। इससे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की जानकारी के बाद कोतवाली प्रभारी गंगाराम खावा समेत पुलिस दल ने पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत किया। आपस में हुई मारपीट में दोनों पक्षों में नगरपरिषद कर्मचारी रूपचंद, ललित कुमार, अजय कुमार तथा रमेश के अलावा दो रेस्टोरेंट कर्मचारियों के घायल होने पर उनको बांगड़ अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। मौके पर माहौल खराब होने की आशंका को देखते हुए आरएसी के जवानों को भी तैनात किया गया। खावा ने बताया कि दोनों पक्षों ने अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज कराया है। इनकी जांच की जा रही है। फिलहाल शांति भंग के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। रेस्टोंरेंट संचालक जोगेंद्रसिंह राजपुरोहित ने अतिक्रमण निरोधक दस्ते के प्रभारी बादलसिंह, आरओ रवि खन्ना समेत अन्य कर्मचारियों पर तोड़फोड़ करने तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं नगरपरिषद आयुक्त इंद्रसिंह राठौड़ ने अपनी रिपोर्ट में कमलसिंह, भवानीसिंह व जोगेंद्रसिंह समेत अन्य लोगाें पर प्लास्टिक थैलियों के खिलाफ कार्रवाई करते वक्त कर्मचारियों से मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। खावा ने बताया कि दो आरोपियों को पकड़ा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
कलेक्ट्रेट चौराहे पर रेस्त्रां के बाहर दोनों पक्षों में हुई मारपीट। फोटो|भास्कर