पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गार्ड की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर, जेसीबी और बाइक फूंकी, पथराव कर पुलिस को खदेड़ा, दूसरे दिन भी शव नहीं उठाया

गार्ड की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर, जेसीबी और बाइक फूंकी, पथराव कर पुलिस को खदेड़ा, दूसरे दिन भी शव नहीं उठाया

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर मारवाड़. विवाद के बाद फूंका गया वाहन।

घायल ट्रैक्टर चालक की भी मौत, कंपनी प्रबंधकों पर हत्या का मामला दर्ज करने व मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण, सेंदडा थानेदार घायल

ग्रामीणों ने दो डंपर, एक जेसीबी व एक बाइक फूंकी, मौके पर पहुंची पुलिस को पथराव कर खदेड़ा

भास्कर संवाददाता | पाली

रायपुर के लवाचा में रेलवे दोहरीकरण निर्माण से जुडी एक निजी कंपनी के यार्ड में तैनात गार्ड की कंपनी में ही लगे ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। घटना में घायल ट्रैक्टर चालक ने भी बाद में दम तोड़ दिया। गार्ड ने मौत से पहले मोबाइल पर वीडियो बनाकर परिजनों को भेज दिया, जिसमें उसने जानबूझकर उस पर ट्रैक्टर चढ़ाने का आराेप लगाया। घटना के बाद भी काफी देर तक कंपनी के अधिकारियों के नहीं पहुंचने से बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों व मृतक के परिजनों में गुस्सा बढ़ गया। इन लोगाें ने कंपनी के कैंप में तोड़फोड़ करने के बाद वहां मौजूद एक जेसीबी, दो डंपर तथा एक बाइक को फूंक दिया। गार्ड की मौत के मामले को हत्या बताने तथा उचित मुआवजा देने की मांग पर ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिससे पुलिस भी एकबारगी पीछे हट गई। पुलिस जीप में भी तोड़फोड़ की गई। घटना में सेंदड़ा थानाप्रभारी को भी चोटें आई हैं। बाद में पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर उपद्रव पर उतारू ग्रामीणों को खदेड़ा। देर रात तक ग्रामीणों ने शव नहीं उठाया और प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस एवं कंपनी के अधिकारी समझाइश में लगे हुए हैं। 4 जनों को उपद्रव मचाने के आरोप में पकड़ा गया है।

जानकारी के अनुसार लवाचा निवासी प्रेमसिंह पुत्र हजारीसिंह की सोमवार रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मृतक के परिजन व रावत समाज ट्रैक्टर चालक पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए सोमवार रात ही थाने पहुंच गए थे, इधर, मंगलवार सुबह ब्यावर के राजकीय अस्पताल में भर्ती ट्रैक्टर चालक की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस पर ट्रैक्टर चालक के परिजन ग्रामीणों द्वारा मारपीट किए जाने के कारण मौत होने का आरोप लगाते हुए हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करने लगे। मामले को लेकर मंगलवार सुबह करीब दस बजे लवाचा के ग्रामीण एक बार फिर शामिल हुए और कंपनी के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर मृतक के आश्रितों को उचित आर्थिक सहायता देने व आश्रित को नौकरी देने की मांग पर अड गए। काफी देर इंतजार के बाद भी कंपनी के किसी प्रतिनिधि के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने यार्ड में खडे वाहनों को आग के हवाले कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर आरएसी तैनात कर दी व चार उपद्रवियों को हिरासत में भी ले लिया। दोपहर करीब चार बजे रायपुर थाने में कंपनी व मृतक के परिजनों के बीच समझौता करवाने के लिए वार्ता प्रारंभ हुई जो देर रात तक जारी थी।



ग्रामीणों का आरोप, घटना में काम आया ट्रैक्टर हैड कांस्टेबल का, पुलिस बचा रही आरोपियों को: मामले मे ग्रामीणों के विरोध का कारण सिर्फ गार्ड की हादसे में मौत ही नहीं है। ग्रामीण पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों व कार्मिकों पर इस निजी कंपनी से हित जुडे होने का आरोप लगा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार जिस ट्रैक्टर से गार्ड की मौत हुई है, वह ट्रैक्टर रायपुर थाने में तैनात एक हैड कांस्टेबल का है। इसी तरह क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन के अन्य कई कार्मिक हैं, जिन्होंने इस कंपनी व अन्य कंपनियों में अपने वाहन लगा रखे हैं या अपने परिजनों अथवा मित्रों के नाम से ठेके पर काम ले रखे हैं।

ग्रामीणों का आरोप निजी कंपनी में पुलिसकर्मियों के वाहन लगने के साथ अन्य हित जुड़े हैं, इसलिए नहीं कर रही कार्रवाई, गार्ड का शव ब्यावर हॉस्पिटल की मोर्चरी में, पुलिस देर रात तक करती रही ग्रामीणों से समझाइश

पुलिस और कंपनी प्रबंधक बता रहे हादसा, ग्रामीणों का हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार सोमवार शाम कंपनी के यार्ड में खड़ा होने पहुंचे ट्रैक्टर चालक ने संतुलन खो दिया। इससे लवाचा निवासी गार्ड प्रेमसिंह पुत्र हजारीसिंह की मौत हो गई। चालक रत्तीराम घायल हो गया। रत्तीराम दौसा का निवासी है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा नहीं है। ग्रामीणों ने दावा किया कि मृतक गार्ड ने घायल होने के बाद बयानों का वीडियो बनाया। जिसमें उसने कहा बताया कि ट्रैक्टर चालक ने जानबूझकर उसे टक्कर मारी है। इस वीडियो की जानकारी के बाद ग्रामीण व परिजन भड़क गए।

ग्रामीणों से समझाइश जारी है। पूरे मामले के साथ पुलिस की भूमिका, पुलिसकर्मी का ट्रैक्टर होने के मामले की जांच करवाई जाएगी। दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - दीपक भार्गव, एसपी

रायपुर मारवाड़. लवाचा ग्राम में रेलवे दोहरीकरण का कार्य कर रही निजी कंपनी के यार्ड में तैनात गार्ड की मौत के बाद पथराव में क्षतिग्रस्त हुए वाहन एवं जलती जेसीबी।

वाहनों के बाद अन्य मशीनें जलाने का प्रयास, पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा

गार्ड की मौत से गुस्साए ग्रामीणों में जोरदार गुस्सा था। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने वहां मौजूद कंपनी के एक जेसीबी, दो डंपर तथा एक बाइक में आग लगाने के बाद वहां मौजूद अन्य मशीनों तथा डीजल से भरे ड्रमों में भी आग लगाने का प्रयास कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर उनको एक तरफ किया।

रेलवे ट्रैक व आबादी के निकट नियम विरुद्ध ब्लास्टिंग के मामलों में विवादित रही कंपनी, ग्रामीणों का आरोप मौके पर नहीं सुरक्षा इंतजाम ग्रामीणों ने कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से लेकर कई तरह की अनियमितताएं बरतने का आरोप कंपनी पर लगाया। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी आबादी व रेलवे ट्रैक के निकट नियम विरुद्ध ब्लास्टिंग कर रही है। पुलिसकर्मियों के वाहन यहां लगे हुए हैं साथ ही दूसरे हित जुड़े हैं इसलिए पुलिस कंपनी प्रबंधन को बचाने का प्रयास कर रही है।

देर रात तक समझाइश का प्रयास, भारी पुलिस जाब्ता तैनात, शव उठाने को तैयार नहीं ग्रामीण मामला बिगडता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड को खदेडा व चार उपद्रवियों को हिरासत मे ले लिया। दमकल व ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया, जिसके चलते बडा हादसा होने से बच गया, क्योंकि जिन वाहनों में आग लगाई गई थी उन सभी के डीजल टैंक भरे हुए थे साथ ही यार्ड में ऑयल के भी कई ड्रम भरे हुए पडे थे। रायपुर एसडीएम समदर सिंह भाटी ने मृतक के परिजनों व कंपनी के प्रतिनिधियों को रायपुर थाने में बुलवाकर समझाइश वार्ता प्रारंभ की जो देर रात तक जारी थी।

खबरें और भी हैं...