सेंदड़ा में चौथी एक दिवसीय कला प्रदर्शनी आज
सेंदड़ा | अरावली की मनमोहक पहाडिय़ों में चौथी एकल एक दिवसीय कला प्रदर्शनी 20 मई को सेंदड़ा ग्राम पंचायत सरहद में होगी। पाली जिले के अंतिम छोर के कोट किराणा ग्राम पंचायत के भऊ कासिया बाडिया निवासी केंद्रीय विद्यालय संगठन में कार्यरत कला शिक्षक नवलसिंह चौहान पेंटिंग्स का प्रदर्शन कर प्रकृति से वास्तव में जुड़ने का संदेश दे रहे हैं। कला शिक्षक नवलसिंह चौहान ने बताया कि 2016 में दैनिक भास्कर में छपे एक फोटो से जाना कि सेंदड़ा में प्रकृति के द्वारा निर्मित विभिन्न सौंदर्यमयी आकार लिए चट्टानें है। तब सोचा कि यहां कला प्रदर्शनी लगानी चाहिए। कला प्रदर्शनी प्रकृति के बीच प्रकृति के साथ आयोजित की जाती रही है ताकि आमजन प्रकृति से प्रेम करना सीखे और सभी कला से रूबरू हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि सेंदड़ा की चट्टानों को संरक्षण मिले ताकि सेंदड़ा रॉक गार्डन के नाम से पूरे विश्व में जाना जाए।
पूरे प्रदेश से आएंगे कलाप्रेमी
सेंदड़ा में कला प्रदर्शनी में जयपुर,अजमेर,राजसमंद जिले के कला व प्रकृति प्रेमी आएंगे। सरपंच शंकरलाल कटारिया,पूर्व जिला परिषद सदस्या मुन्नीदेवी रावत,पंचायत समिति सदस्या सुमित्रा रावत ने बताया कि सेंदड़ा में आयोजित कला प्रदर्शनी को लेकर सेंदड़ा विकास मंच व ग्राम पंचायत सेंदड़ा ने तैयारियां पूरी कर ली है। सरपंच कटारिया ने बताया कि रॉक गार्डन व पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण को लेकर केंद्र व राज्य सरकार को भी अवगत कराएंगे।