रानी थाना क्षेत्र के भगवानपुरा गांव में गुरुवार देर रात लालराई हाल रानी निवासी मानसिंह राजपूत पुत्र इंद्रसिंह जेतमालौत राठौड़ की नृशंस हत्या करने के आरोपी तीनों भाइयों को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से तीनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस के अनुसार लालराई हाल रानी निवासी 25 वर्षीय मृतक मानसिंह राजपूत पुत्र इंद्रसिंह गुरुवार रात को बाइक लेकर भगवानपुरा में गया था। वहां रमेश मेघवाल, उसके भाई दीपाराम व जगदीश ने बाइक को रुकवा कर उस पर लाठियों व धारदार हथियार से हमला किया। इससे गंभीर रुप से घायल मानसिंह ने उसी रात को दम तोड़ दिया। मेडिकल बोर्ड ने युवक की मौत की वजह सिर व शरीर में गंभीर चोट से होना बताया है। शरीर पर 50 से अधिक घाव मिले है। पुलिस ने शुक्रवार को हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी रमेश, दीपाराम व जगदीश मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को संदेह था कि मृतक उनकी बहन पर बुरी नजर रखता है। घटना वाली रात को मृतक को आरोपियों ने उनके घर के पास संदिग्धावस्था में देखा तो उस पर हमला कर दिया।