यह नगर परिषद का कोई अभियान नहीं, मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारी है
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के 25 अप्रैल को पाली आएंगी। इसे देखते हुए नगर परिषद प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। शहर की प्रमुख सड़कों पर पेचवर्क किया जा रहा है, तो गंदगी की ढेर उठाकर सफाई कराई जा रही है। डीओसी शाखा ने जहां शहर के कॉलेज रोड से मंगलवार को अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की, वहीं दोपहर बाद चेयरमैन महेंद्र बोहरा ने भी नगर परिषद के अधिकारियों, रूडिप, डिस्कॉम, जलदाय विभाग, यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ शहर का दौराकर अस्थाई अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत भी दी। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन बोहरा ने शहर की मुख्य सड़कों पर रूडिप के चल रहे कार्य को व्यवस्थित करने, जलदाय विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पाइपलाइन ठीक करने, सड़कों की मरम्मत करने समेत विभिन्न कार्यों के लिए निर्देश दिए। इस दौरान आयुक्त इंद्रसिंह राठौड़, वित्त समिति अध्यक्ष तिलोकराम चौधरी, भवन अनुज्ञा एवं संकर्म समिति अध्यक्ष सुरेश चौधरी, पार्षद जितेंद्र व्यास, रूडिप एसई महेंद्रसिंह पंवार, डिस्कॉम एक्सईएन अशोक मीणा, एईएन हरिराम चौधरी, डिस्कॉम एईएन मनीष माथुर, जलदाय विभाग एक्सईएन राजेश अग्रवाल, नगर परिषद के एईएन सुखाराम चौधरी, राजस्व अधिकारी पवन कुमार, रवि खन्ना, कनिष्ठ अभियंता अयूब अली व मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षण लोकेश जैन समेत कई जने मौजूद थे।
शहर की प्रमुख तीन सड़कों पर भरे जा रहे हैं गड्ढे, दीवारों पर हो रही पेंटिंग : चेयरमैन बोहरा ने विभिन्न विभाग के अधिकारियों के साथ बांगड़ काॅलेज रोड, जोधपुर रोड व सुमेरपुर रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों पर पेचवर्क, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण, होर्डिंग बोर्ड हटाने संबंधित, टूट-फूट को सही करने, नालों पर फैरों कवर लगाने, सीवरेज कार्य के दौरान हुई टूट-फूट को सही करने, सड़कों के किनारों पर सफाई, सार्वजनिक शौचालय व पेशाब घरों की सफाई, पुराने बेकार वाहन जो सड़क के किनारे पड़े उन्हें हटाना, दीवारों पर पेंटिग, जोधपुर रोड पर डिवाइडर का कार्य पूर्ण करवाने, बिजली ट्रांसपोर्ट के आस-पास झाड़ी कटिंग करवाने, जगह-जगह सीवरेज के कार्य के दौरान पड़ा मलबा हटाने, सड़क के किनारे अव्यवस्थित पड़े पाइप को व्यवस्था करवाने, कचरा पात्र व्यवस्थित करवाने एवं नियमित सफाई व पेंटिग करवाने के निर्देश दिए।
भले पधारो : काश! मुख्यमंत्री का दौरा शहर में हर माह हो, तो शहर की प्रमुख सड़कें भी सही रहे और गंदगी भी नजर नहीं आए
मुख्यमंत्री 23 अप्रैल से जिले में है। वे 25 अप्रैल को पाली आएंगी और नगर परिषद टाउन हॉल में जनसंवाद करेंगी। इसे देखते हुए नगर परिषद ने शहर को चमकाने की तैयारियां शुरू कर दी है। चेयरमैन खुद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को साथ लेकर शहर की तीन प्रमुख सड़कों को चमकाने में जुटे हैं। अस्थाई अतिक्रमण हटाने के साथ सड़कों पर पेचवर्क और रूडिप के कार्यों को व्यवस्थित किया जा रहा है। गंदगी हटवाई जा रही है।
सीएम के दौरे को लेकर अपनी टीम को लेकर सड़कों का जायजा लेते सभापति बोहरा।
आज से नगर परिषद परिसर का कोना-कोना भी होगा साफ
चेयरमैन बोहरा ने नगर परिषद में भी मरम्मत कार्य करने, रंगरोगन, सफाई व्यवस्था करने के साथ नियमित सफाई, सभी काम व्यवस्थित, परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाने, गार्डन व्यवस्थित करने समेत विभिन्न कार्यों के लिए निर्देश दिए हैं। गुरुवार से नगर परिषद परिसर को चमकाने का कार्य भी शुरू हो जाएगा।