रूद्राभिषेक के साथ होगा मंडलनाथ पाटोत्सव का आगाज, तैयारियां शुरू
पुष्करणा समाज की ओर से रविवार को आयोजित होगा पाटोत्सव कार्यक्रम
भास्कर संवाददाता | पाली
मंडलनाथ पाटोत्सव कार्यक्रम का आयोजन रविवार को पुष्करणा समाज की ओर से किया जाएगा। इसके तहत कई धार्मिक आयोजन के साथ समाज की प्रतिभाओं के लिए भी सम्मान समारोह आयोजित होगा। पुष्करणा समाज विकास समिति अध्यक्ष अमरनारायण कल्ला ने बताया कि पाटोत्सव का शुभारंभ रूद्राभिषेक के साथ होगा। उन्होंने बताया कि सुबह 7 बजे मंडलनाथ महादेव का रूद्राभिषेक होगा। इसके बाद शाम को 7 बजे आरती और इसके बाद प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। सचिव दिनेश पुरोहित ने बताया कि इस अवसर पर शाम को 7:30 बजे पुष्करणा समाज भवन में ही सम्मान समारोह होगा। इसमें समाज की प्रतिभाओं के साथ ही शिक्षा और जिला व राज्य स्तर पर सम्मानित हुए राज्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पाटोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। कार्यक्रम को लेकर गोविंद किशन व्यास, कमलेश पुरोहित, अरविंद देराश्री, शिवनारायण कल्ला, सूरजप्रकाश पुरोहित, सुभाष व्यास, कमलेश कल्ला, दिलीप जोशी, राजेश व्यास, एमएम बोड़ा और कृष्ण मुरारी आदि तैयारियों में जुटे हुए हैं।
मंदिर और समाधि स्थल का फूलों से होगा शृंगार, महाआरती का अायोजन
समाज की ओर से आयोजित होने वाले पाटोत्सव कार्यक्रम के तहत मंडलनाथ महादेव मंदिर व समाज भवन स्थित समाधि स्थल का फूलों से श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही शाम को 7 बजे महाआरती का आयोजन होगा, जिसमें सभी समाज बंधु रहेंगे।