शहर के शिव कॉलोनी में पुलिस लाइन के निकट पिछले 10 दिन से पानी नहीं आने की समस्या को लेकर सोमवार को कॉलोनी के लोग जलदाय विभाग पहुंचे। अधिकारियों के समक्ष नागरिकों ने खूब खरी-खोटी सुनाई। इन लोगों ने कहा कि 10 दिन से पानी नहीं आने के कारण उनको टैंकरों समेत अन्य वाहनों से पानी मंगवाकर प्यास बुझानी पड़ रही है। साथ ही विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द पानी दिलवाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि 10 दिन से पानी नहीं आने को लेकर विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत कर चुके है। बावजूद इसके पानी नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने ज्ञापन में पानी की समस्या दूर नहीं करने पर उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता जयंतीलाल जोशी, किशन खोरवाल, पारस मौर्य, बंशीलाल, ढगलाराम, कचरा राम, कपूराराम, प्रहलाद, पेमाराम, मिश्रीलाल, जगदीश, विनोद, सोनाराम, गोपाल, ओमप्रकाश, नरेश व महेंद्र सोनवाल समेत कई जने मौजूद थे।
इधर, कृष्णा नगर में अनियमित तरीके से अा रहा पानी, डलवाने पड़ रहे टैंकर : सामाजिक कार्यकर्ता जोशी ने बताया कि शहर के कृष्णा नगर में भी लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। विभाग द्वारा अनियमित तरीके से सप्लाई दी जा रही है। काॅलोनी में 15 से 20 मिनट तक ही पानी दिया जा रहा है। तेज गर्मी में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाने से मजबूरी में महंगे दामों पर टैंकर डलवाने पड़ रहे है।
पाली. शहर में पानी की समस्या को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों को शिकायत करते समाजसेवी व मोहल्लेवासी। फोटाे| भास्कर