बारात की बस बिजली के तार से टकराई, हादसा टला
रामदेव रोड से श्रीराम वाटिका जाने वाले मार्ग पर मंगलवार रात 2 बजे जोधपुर जा रही बारात की बस एलटी लाइन से टकरा गई। गनीमत रही बस तार के टकराने के साथ बिजली के तार तेज धमाके साथ टूटकर नीचे गिर गए और पूरे क्षेत्र में बिजली बंद हो गई। अगर बारात की बस में करंट फैल गया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार जोधपुर से पाली दो बारात की बसें आई थी। मंगलवार रात शादी समारोह के बाद बारात की बसें रात करीब 2 बजे जोधपुर के लिए रवाना हो रही थी। बस में करीब 60 से अधिक बाराती बैठे थे। बस रवाना होते ही रामदेव रोड पुलिस चौकी के पास लटक रहे बिजली के तार चपेट में आ गई। बस की गति तेज होने से तार टूट नीचे गिर गए। साथ ही टूटने के साथ ट्रांसफार्मर में तेज धमका के साथ क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। अगर करंट बस में फैलता तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने के बाद मनीष राठौड़ समेत कई मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे और तुरंत डिस्कॉम के कर्मचारियों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद डिस्कॉम कर्मचारियों ने तारों को जोड़कर करीब एक से डेढ़ घंटे बाद फिर से बिजली बहाल की।
हादसा होते ही ड्राइवर बस छोड़कर भागा, दूसरी बस के खलासी ने बस चलाकर जोधपुर रवाना किया : हादसा होने के तुरंत बाद ड्राइवर बस छोड़कर भाग गया। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी बस के खलासी ने बस में बैठकर बस को जोधपुर के लिए रवाना किया। हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग भी एकत्रित हो गए।