पाली | शहर में इन दिनों 24 घंटे जलापूर्ति के प्रोजेक्ट का काम चल रहा है। हालांकि शहर की कुछ कॉलोनियों में तो परीक्षण के तौर पर 24 घंटे पानी दिया भी जा रहा है, तो बाकी शहर के शेष इलाकों में भी जल्द ही नलों से 24 घंटे पानी आएगा। प्रदेश के चुनिंदा शहरों में ही राज्य सरकार यह प्रोजेक्ट लागू कर रही है। सरकार ऐसा हमारी सुविधा के लिए कर रही है, लेकिन हम गंभीर नहीं रहे तथा पानी की बर्बादी करते रहे तो यह योजना ज्यादा सफल भी नहीं हो पाएगी। दरअसल, हम पानी का मोल नहीं समझे तो फिर कभी हमें वो दिन नहीं देखने को पड़े जब शहर में वाटर ट्रेन और टैंकरों से जलापूर्ति करनी पड़ी।
सुमेरपुर की महिला जल मित्रों ने मोहल्लेवासियों से की समझाइश
सुमेरपुर की शिव कॉलोनी में गुरुवार को जलापूर्ति के दौरान एक घर में बिना टोंटी लगे पाइप से पानी व्यर्थ बहता रहा। इसी तरह एक घर के बाहर एक महिला बेवजह पाइप से पानी का छिड़काव कर रही थी। इससे काफी पानी व्यर्थ हो रहा था। यह सब देख भास्कर की जल मित्र कुसुम व्यास व भूमिका व्यास ने इन घरों में पहुंच पानी की बर्बादी नहीं करने के लिए समझाइश की। इस पर इन घरों के परिवारों ने भी भविष्य में पानी बचाने का संकल्प लिया।