पाली | कोर्ट परिसर के बाहर रेस्टोरेंट पर मारपीट के मामले में गुरुवार को नगर परिषद परिसर में गहमागहमी रही। सफाई कर्मचारियों ने यूनियन के पदाधिकारियों नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद नगर परिषद आयुक्त इंद्रसिंह राठौड़ को नगर परिषद जारी लीज आवंटन रद्द करने और प्रथम तल पर बने अतिक्रमण को हटाने की मांग की। साथ ही यूनियन ने 24 घंटे की चेतावनी भी दी है। ज्ञापन में बताया गया कि नगर परिषद के डीओसी शाखा में कार्यरत कर्मचारी सेशन कोर्ट के बाहर परिषद के आदेश की पालना में कार्रवाई के लिए गए थे। वहां कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें जोधपुर रेफर किया गया है। उन्होंने आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर फूड लाइसेंस की पुख्ता रिपोर्ट व जांच करने, मुलजिमों को गिरफ्तार करने और अवैध संचालन को ध्वस्त करने की कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही उन्होंने बोर्ड बैठक में लाइसेंस निरस्त का प्रस्ताव पारित करने की मांग की। यूनियन के पदाधिकारियों ने 24 घंटे की चेतावनी देते हुए सभी मांगे नहीं मानने पर 21 मई से पेन डाउन व सफाई कार्यों का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
इस मौके पर शीतलदास शीतल, रामप्रसाद छपरीबन, राजेंद्र घावरी, भगवानसिंह चौहान, मदनलाल तेजी, हरिशचंद्र गुंद, जगाराम गुजराती, भोजुमल आदिवाल, सुरेश आदिवाल समेत विभिन्न सफाई कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी व सफाई कर्मचारी मौजूद थे।