आज सिंधियों की ढाणी व चिमनपुरा में बाधित रहेगी जलापूर्ति
भास्कर संवाददाता | पाली
शहर के हाउसिंग बोर्ड कृषि मंडी के पास गुरुवार को एलएंडटी के कर्मचारियों ने पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद शाम को सप्लाई के दौरान सड़क पर पानी का फैलाव होने के बाद जलदाय विभाग के अधिकारियों को जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
शाम होने की वजह से शुक्रवार सुबह पाइपलाइन ठीक करने का कार्य शुरू किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य होने से शुक्रवार को सिंधियों की ढाणी व चिमनपुरा क्षेत्र में पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी। जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड स्थित कृषि मंडी के निकट रूडिप की कार्यकारी एजेंसी एलएंडटी की ओर से सीवरेज लाइन डालने का काम किया जा रहा है। गुरुवार को एलएंडटी के कर्मचारियों ने जेसीबी की सहायता से गड्ढा खोदा, जिससे सिंधियों की ढाणी व चिमनपुरा में सप्लाई की जाने वाली पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी। बताया जाता है कि तीन से चार जगहों से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त करने के बाद न तो विभाग को अधिकारियों को सूचना दी और न ही इसके पाइपलाइन ठीक करने को लेकर कोई कार्रवाई की। शाम को पेयजल सप्लाई होने के बाद विभाग के अधिकारियों को पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली। जलदाय विभाग एईएन हरिराम चौधरी ने बताया कि एलएंडटी के कर्मचारियों ने सुबह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी थी। शाम को सिंधियों की ढाणी व चिमनपुरा में सप्लाई देने के बाद इसकी जानकारी मिली। अब शुक्रवार को पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य किया जाएगा।