जोधपुर/पाली | राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश संगीत लोढ़ा व वीरेंद्र कुमार माथुर की खंडपीठ में गुरुवार को पाली एसपी दीपक भार्गव व्यक्तिगत रूप से पेश हुए। कोर्ट ने पुलिस की कार्यशैली के प्रति नाराजगी व्यक्त की। खंडपीठ ने कहा कि केवल जांच के नाम पर पुलिस रिपोर्ट पेश कर रही है, जबकि दस माह से अधिक समय से नाबालिग गायब है। उसके माता-पिता हर पेशी पर कोर्ट में मौजूद होकर अपनी लाचारी व्यक्त कर रहे हैं, लेकिन पुलिस इसको लेकर गंभीर नहीं दिख रही है। गुडा एंदला थाने में दस माह पहले एक पिता ने अपनी नाबालिग के अपहरण का मुकदमा दर्ज करवाया था। अतिरिक्त महाधिवक्ता शिवकुमार व्यास ने कुछ समय देने की गुहार की, जिस पर अगली सुनवाई 21 मई मुकर्रर की है और पुलिस अधीक्षक को हाजिर रहने के आदेश दिए हैं।