शहरवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए पाली डेयरी की ओर से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट से जन स्वास्थ्य जागरूकता वाहन रैली निकाली गई। रैली में 60 से अधिक ऑटो रिक्शा चालकों ने भाग लेकर बैनर के माध्यम से शहरवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही तख्तियों के माध्यम से शुद्ध व ताजे भोजन के प्रति भी जागरूक किया गया।
जन स्वास्थ्य जागरूकता वाहन रैली को डेयरी अध्यक्ष प्रतापसिंह बीठिया व प्रबंध संचालक डॉ करूण चंडालिया ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। जो सूरजपोल, अंबेडकर सर्किल, नहर पुलिया, पंचायत समिति, रोटरी क्लब होते हुए वापस कलेक्ट्रेट स्थित सरस पार्लर का आकर संपन्न हुई। रैली में डेयरी के अधिकारियों द्वारा शहरवासियों को स्वस्थ रहने के लिए खान पान की वस्तुओं में दूध को भी जोड़ने और प्रतिदिन लेने वाले आहर की गुणवत्ता नापने के गुर सिखाए। इस मौके पर डेयरी उपप्रबंधक हेमसिंह चुंडावत, डॉ बीआर जोशी, डेयरी अधिकारी शैतानसिंह देवड़ा, विपेंद्रसिंह, ऊकारसिंह सहित स्टॉफ मौजूद रहा।
स्वास्थ्य के साथ दिया स्वच्छता का संदेश
रैली में ऑटो रिक्शा चालकों ने बैनर के माध्यम से शहर को स्वच्छ रखने के लिए अपने आस पास गंदगी नहीं फैलाने के साथ साथ घर की गंदगी को बाहर नहीं फैलाने की सीख दी। साथ ही तख्तियों के माध्यम गंदगी से स्वास्थ्य पर होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी।